बाल्टी भर पानी में मिलाया 1 लीटर दूध, स्कूल में 90 बच्चों को पिलाया, प्रिंसिपल देखती रही
महोबा के सरकारी स्कूल से मिड-डे मिल में लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां 8 लीटर पानी में 1 लीटर दूध मिलाकर 90 बच्चों को पिलाया गया। इसका वीडियो भी सामने आया है। जिसमें एक महिला खुलेआम बाल्टी भर पानी में सिर्फ आधा-आधा लीटर के 2 पैकेट दूध मिलाती दिख रही है। ये हरकत प्रिंसिपल की मौजूदगी में हो रही है।
इसी स्कूल का एक और वीडियो सामने आया है। जिसमें प्रिंसिपल क्लास रूम में सोते नजर आ रही हैं। बीएसए ने प्रिंसिपल के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी कर जांच के आदेश दिए हैं। मामला बुधवार का कबरई ब्लाक के ढिकवाहा गांव स्थित सरकारी स्कूल का है। वीडियो शुक्रवार को सामने आया है।
ढिकवाहा गांव स्थित सरकारी स्कूल में कुल 162 बच्चों का एडमिशन है। बुधवार को 90 बच्चे स्कूल आए थे। वीडियो में सरकारी स्कूल की रसोइया छविरानी पानी में दूध मिलाती दिख रही है। उसने पहले 10 लीटर की बाल्टी में 8 लीटर पानी भरा। इसके बाद उसने पानी में आधा-आधा लिटर के 2 पैकेट टोंड मिल्क फाड़कर डाले।
इसके बाद रसोइया छविरानी बाल्टी लेकर बाहर आती है और इसी दूध को बच्चों को बांटा जाता है। वीडियो में प्रिंसिपल मोनिका सोनी बच्चों को दूध पीने के लिए बुलाती भी दिख रही है।
रसोइया बोलीं- प्रिंसिपल के कहने पर पानी में दूध मिलाया रसोइया छविरानी ने बताया कि उसने प्रिंसिपल मोनिका सोनी के कहने पर ही पानी में दूध मिलाया। स्कूल में 10 साल से रसोइया का काम कर रही हैं। जैसा प्रिंसिपल कहती हैं, वैसा करके बच्चों को मिड-डे मील तैयार करके देती हैं
छात्रों ने खाने में कीड़े मिलने की शिकायत की थी
वहीं छात्रों का कहना है कि उन्हें अक्सर पानी मिला दूध दिया जाता है। कुछ बच्चों ने भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाया था। खाने में कीड़े और बाल मिलने की शिकायत की थी। छात्र करन ने आरोप लगाया कि उनसे निजी काम भी कराए जाते हैं।
ग्रामीण बोले- मनमाने ढंग से चलाती हैं स्कूल ये तस्वीर भी बुधवार की ही है। जब स्कूल में प्रिंसिपल सोते हुए नजर आई हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में शिक्षण व्यवस्था भी प्रभावित है। कभी-कभी प्रिंसिपल स्कूल समय में आराम करती दिखाई देती हैं। वहीं स्कूल में पोषण के नाम पर अनियमितताएं हो रही हैं। बच्चों के स्वास्थ्य से समझौता किया जा रहा है। नियमों को ताक पर रखकर मनमाने ढंग से स्कूल चलाती हैं।
ग्रामीण छत्रपाल और कामता समेत अन्य अभिभावकों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मिड-डे मील के बजट और स्कूल संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए
बीएसए ने दिए जांच के आदेश
बीएसए राहुल मिश्रा ने बताया-
” मिड-डे मील के दूध में मिलावट का मामला सामने आया है। जांच के आदेश जारी किए हैं। टीचर के खिलाफ कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। वीडियो की सत्यता की जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।