प्रतापगढ़: पुरानी रंजिश में खूनी झड़प:जमकर चले लाठी-डंडे, 9 महिलाओं समेत 11 घायल
प्रतापगढ़ के पट्टी कोतवाली क्षेत्र के नादी गांव में आज गुरुवार को 10 बजे करीब पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में 9 महिलाओं सहित कुल 11 लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे चलने लगे।
इस अचानक हुई मारपीट से गांव में अफरा-तफरी मच गई। एक पक्ष से सागर यादव, महक, खुशी, खुशबू, मुस्कान, मैना देवी और संजय गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से कविता, केसरी, हिमानी और राधेश्याम को चोटें आई हैं। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें बेरहमी से पीटा गया।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।