भाई को बचाने पहुंची 12 वर्षीय छात्रा की गला दबाने से मौत…
बांदा। 5वीं क्लास के दो बच्चों के झगड़े में एक छात्रा की जान चली गई। एक ही कक्षा में पढ़ने वाले दो छात्रों में झगड़ा हो गया। यह देखकर एक छात्र की बहन अपने भाई को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची। इस दौरान झगड़ा कर रहे दूसरे छात्र ने भाई को छोड़कर बहन का ही गला दबा दिया और धक्का दे दिया। इससे छात्रा बेहोश हो गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। यह हैरान करने वाली घटना कमासिन थाना क्षेत्र के कुमेढासानी प्राथमिक विद्यालय की है। जानकारी के मुताबिक, कुमेढासानी प्राथमिक विद्यालय में गांव की रहने वाली गोमती (12) 5वीं क्लास की छात्रा थी। रोज की तरह मंगलवार को वह स्कूल गई।
वहां इसके भाई का गांव के ही रहने वाले 5वीं के छात्र से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। गोमती ने देखा कि मेरे भाई का झगड़ा हो रहा है, तो वह बचाने लगी। इस दौरान दूसरे छात्र ने गोमती का गला दबा दिया और धक्का दे दिया। इसके बाद गोमती क्लास से बाहर आई और टीचर से शिकायत की। फिर वह बेहोश होकर गिर गई। स्कूल के अध्यापकों ने गोमती के परिजनों को सूचना दी। उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां पर चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि एक छात्रा को उसके ही स्कूल के एक छात्र ने धक्का दे दिया था और गला दबा दिया, जिससे छात्रा घायल हो गई और फिर छात्रा की मौत हो गई है। इस मामले में छात्रा के परिजनों की तरफ से तहरीर दी गई है। वहीं, आरोपी छात्र को हिरासत में लिया गया है। मृतका का पोस्टमार्टम कराकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।