प्रतापगढ़ में कार-ट्रक की टक्कर में 13 लोग गंभीर रूप से घायल; प्रयागराज से अयोध्या जा रहा था परिवार
प्रतापगढ़। माघ मेला-2026 में प्रयागराज से संगम स्नान कर लौटे रहे श्रद्धालुओं की कार में बेकाबू ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के 10 श्रद्धालुओं सहित कुल 13 लोग घायल हो गए है। इनमें से 3 की हालत गंभीर बनी हुई है।
सभी को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। यह दुर्घटना देहात कोतवाली थाना क्षेत्र में सुखपाल नगर बाइपास पर मंगलवार रात हुई।
सीओ सिटी प्रशांत राज ने बताया कि हादसे की सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि सभी घायल मध्य प्रदेश के के रहने वाले है। पूरा परिवार प्रयागराज में माघ मेला में गंगा स्नान के बाद अयोध्या में श्रीराम मंदिर का दर्शन के लिए जा रहा था। तभी यह हादसा हो गया।
उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के रीवा जिले के खटकर निवासी अमृतलाल गुप्ता (42) अपने परिवार के साथ स्नान के लिए प्रयागराज पहुंचे थे। मंगलवार को स्नान के बाद वह लोग मानगढ़ धाम दर्शन करने गए।
वहां से अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे थे। घायलों में अमृतलाल और उनकी बेटी श्रेया गुप्ता, बेटा श्रेयांश गुप्ता, पुष्पेंद्र, सविता गुप्ता, श्रीराम गुप्ता, कंचन गुप्ता, गोल्डी गुप्ता, श्रेयांशी गुप्ता और शुभ गुप्ता शामिल है।
देहात कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर सीओ सिटी प्रशांत राज भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद कुछ समय के लिए बाइपास पर यातायात भी प्रभावित रहा।