15 साल की किशोरी का कर दिया ब्याह, पति ने नशे में पीटा तो दूसरे युवक संग भागी
बरेली। माता-पिता ने अपनी नाबालिग बेटी की शादी कर दी। पति ने किशोरी को शराब के नशे में पीटा तो वह दूसरे युवक के साथ भाग गई। पुलिस के पास मामला पहुंचा तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके किशोरी को हिमाचल से बरामद किया। पुलिस ने उसका मेडिकल कराया, जिसमें किशोरी की उम्र 15 साल पाई गई। उसके बाद किशोरी को वन स्टाप सेंटर भेज दिया गया। मंगलवार को उसे बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ने किशोरी के माता पिता को फटकार लगाते हुए उनके सुपुर्द किशोरी को दिया और विवेचक को माता-पिता पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पीलीभीत निवासी 15 साल की किशोरी की उसके माता-पिता ने ढाई माह पहले इज्जतनगर क्षेत्र के रहने वाले एक युवक से शादी कर दी। किशोरी के पिता खेती करते हैं। शुक्रवार को किशोरी के पति ने शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की। पति की मारपीट के बाद किशोरी दूसरे युवक के साथ भाग गई। इज्जतनगर थाने में उसके पति ने अपनी पत्नी के भागने की रिपोर्ट लिखाई। इसके बाद किशोरी को पुलिस ने बरामद करके मेडिकल कराया, जिसमें उसकी उम्र 15 साल आने पर उसे वन स्टाप सेंटर पर रखा गया। मंगलवार को किशोरी को बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद्रा के सामने पेश किया गया। समिति के अध्यक्ष ने विवेचक से किशोरी को माता-पिता को बुलाने को कहा। किशोरी की कम उम्र में शादी करने पर उन्होंने माता-पिता की फटकार लगाई। किशोरी के पिता ने आठवीं की टीसी दिखाई, जिसमें भी उसकी उम्र 17 साल ही निकली। उसके बाद किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।