शादी के दस दिन बाद ही फंदे से लटका मिला भाजयुमो नेता का शव, हत्या का आरोप
शादी के दस दिन बाद ही भाजपा युवा मोर्चा पदाधिकारी का शव संदिग्ध रूप से फंदे से लटका मिला। घटना के पीछे ग्राम प्रधान पुत्री संग प्रेम प्रसंग की चर्चा जोरों पर है। इस मामले में परिजनों ने ग्राम प्रधान व उनकी पत्नी पर युवक की हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव रखकर जाम लगाने की कोशिश की गई लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी के चलते परिजनों ने गांव ले जाकर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
जानकारी के अनुसार रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के ग्राम निहाली शुक्लन पुरवा गांव निवासी सत्यम मिश्रा 25 पुत्र स्व.ओम प्रकाश मिश्र शनिवार देर रात पत्नी से कहीं जाने की बात कहकर घर से निकला था। काफी देर बीतने के बाद जब वह वापस नहीं लौटा तो चिंतित पत्नी ने परिजनों को बताया। इस पर परिजनों ने सत्यम की तलाश शुरु कर दी। इसी बीच घर के पास रखे छप्पर के अंदर बल्ली में गमछे के फंदे से सत्यम का शव लटकता मिला। यह नजारा देख सभी के होश उड़ गए और परिवार में कोहराम मच गया। शोर शराबा सुनकर ग्रामीणों का मजमा लग गया।
मृतक के चाचा अमित कुमार मिश्र की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा कि मृतक सत्यम मिश्र की 14 मई को ही शादी हुई थी। घटना के बाद से उसकी पत्नी शालिनी सदमे में है। मृतक भाजपा युवा मोर्चा का देवीगंज मंडल मंत्री भी था। उधर मृतक के चाचा अमित कुमार ने कोतवाली पुलिस में दी गई तहरीर में ग्राम प्रधान आशीष मिश्र और उनकी पत्नी भावना पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा कि मृतक सत्यम का ग्राम प्रधान पुत्री से प्रेम प्रसंग चल रहा था, वहीं फेसबुक पर सत्यम व उसकी प्रेमिका के एक साथ कई वीडियो भी पोस्ट किए गए थे। यह सब देखकर ग्राम प्रधान पक्ष की ओर से सत्यम को धमकी भी दी गई थी। उधर पोस्टमार्टम के बाद घर लौट रहे परिजनों ने मोहम्मदपुर चौराहा पर शव रखकर प्रदर्शन का प्रयास किया पर पुलिस के रहते यह संभव न हो सका। आखिरकार परिजनों ने गांव में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल है, पुलिस बल तैनात है।
दो लोगों ने की खुदकुशी
संदिग्ध परिस्थतियों में एक युवक समेत दो लोगों के शव का फंदे से लटकता मिला। टिकैतनगर थाना क्षेत्र के पानापुर गांव निवासी 19 वर्षीय हितेंद्र सिंह पुत्र स्व सत्येन्द्र सिंह का शव रविवार सुबह घर में पंखे के हुक से फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा कि हितेंद्र की मां बिट्टो सिंह कुछ दिन पहले ही बहराइच रिश्तेदारी में शादी में गई थीं। कुछ समय सब ठीक ठाक रहा लेकिन दो दिन तक उनकी बेटे से बात नहीं हो सकी, क्योंकि हितेन्द्र काल रिसीव नहीं कर रहा था। इससे घबराई मां ने अपने भाई को हालचाल जानने को भेजा। रविवार सुबह जब हितेन्द्र के मामा घर पहुंचे तो दरवाजा बंद था, खिड़की से झांक कर देखा तो हितेंद्र का शव लटका मिला।
यह देख उनके होश उड़ गए। घर से आ रही बदबू से आभास हुआ कि शव करीब दो दिन पुराना है। मौके पर बड़ी संख्या में पड़ोसी एकत्र हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर शव नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां बिट्टो सिंह बार-बार बेहोश हुई जा रही, वहीं गांव में शोक का माहौल है। प्रभारी निरीक्षक रत्नेश पांडेय के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देवा कोतवाली क्षेत्र के खेवली निवासी रामकैलाश उम्र 40 वर्ष शनिवार शाम खाना खाकर छत पर सोने गया था। सुबह जब उसका बेटा छत पर पहुंचा तो देखा कि छत से सटे नीम के पेड़ की डाल में उसका शव गमछे से लटका हुआ है। यह देख परिवार में कोहराम मच गया सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी मित्तई अखिलेश प्रजापति मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा