वैष्णो देवी में बड़ा हादसा, लैंड स्लाइड में आगरा का छात्र व उसके दो दोस्त बहे, घर में मचा कोहराम
आगरा। जम्मू लैंडस्लाइड हादसे में राजस्थान के धौलपुर के दो छात्रों और आगरा के एक छात्र के बहने की सूचना है। लैंडस्लाइड की चपेट में आए युवक वैष्णों देवी माता की यात्रा पर गए थे। दर्शन के बाद मंगलवार दोपहर पांचों दोस्त कार से जम्मू घूमने निकले थे। जहां मनसा लेक के पास पांचों लैंड स्लाइड की चपेट में आ गए। जिसमें दो छात्र बमुश्किल तैर कर बाहर निकल पाए, मगर तीन बहन गए। लैंडस्लाइड में छात्र के बहने की खबर से परिजन रो रो कर बेहाल हैं। परिजन जम्मू के लिए रवाना हो गए हैं।
आगरा खेरागढ़ कस्बा निवासी विनोद बंसल के अनुसार उनका बेटा शिव बंसल अपने दोस्तों के साथ 23 अगस्त को धौलपुर के सैंपऊ कस्बा से वैष्णो देवी के दर्शन के लिए निकला था। शिव के साथ यश गर्ग पुत्र शशिकांत गर्ग निवासी गर्ग कॉलोनी सैंपऊ, प्रांशु पुत्र सुनील मित्तल निवासी सैंपऊ, आदित्य पुत्र हरिओम परमार निवासी सैंपऊ और दीपक मित्तल पुत्र विष्णु मित्तल निवासी तसीमों भी थे। पांचों दोस्त ट्रेन से वैष्णो देवी माता की यात्रा गए थे। दो दिन पहले सभी दोस्तों ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए थे। तभी बेटे से बात हुई थी। इसके बाद साले के बेटे प्रांशु से सोमवार को बात हुई थी। उसने बताया था कि मंगलवार रात वापसी की ट्रेन है। इसलिए दिन में शिवकोडी घूमने जा रहे हैं। छह हजार में एक कार बुक कर ली है। शाम को कार वाला हमें जम्मू स्टेशन पर छोड़ देगा।
हादसे में बचे दोस्त ने बताई पूरी कहानी।
घर में मचा कोहराम।
विनोद बंसल खेरागढ़ कस्बे में मोबाइल की दुकान पर काम करते हैं। विनोद ने बताया कि बेटा शिव हरि महाविद्यालय में बीएससी थर्ड ईयर का छात्र है. बेटे से रविवार को बात हुई थी। तब उसने वैष्णो देवी माता के अच्छे से दर्शन होने की बात कही थी। साथ ही जम्मू में कुछ मंदिरों के दर्शन करके मंगलवार रात को वहां से रवाना होने और बुधवार को आगरा पहुंचने को कहा था। बहरहाल हाल शिव बंसल के लैंडस्लाइड में बहने की सूचना से घर में कोहराम मचा है। परिजनों का रो रोकर हाल बेहाल है। घर पर परिचित और रिश्तेदार भी पहुंच रहे हैं।