भाजपा नेता की हत्या: ‘साजिश के तहत की गई पिता की हत्या’, दूल्हे के जीजा ने चलाई गोली
सहारनपुर कोतवाली मंडी क्षेत्र के रामलीला भवन में हुई हर्ष फायरिंग में पिता की मौत को बेटे ने साजिश के हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि शादी समारोह के दौरान डांस करते हुए आरोपी द्वारा दो बार हवाई फायर की गई। गोली लगने से भाजपा के महामंत्री की मौत के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई थी।
इसी दौरान रोहित उपाध्याय ने हर्ष फायरिंग की। चर्चा है कि दो बार हवाई फायर भी हुए, जिसका डीजे की तेज के चलते पता नहीं चला। तीसरी गोली शिवचरण के सीने में लगी, जिससे उनकी मौत हुई। यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि जब हवाई फायरिंग हो रही थी तो शिवचरण के सीने में गोली कैसे लगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

मूलरूप से चंदनपुर के रहने वाले थे, शिवचरण
शादी समारोह में हर्ष फायरिंग, गोली लगने से भाजपा महामंत्री की मौत
थाना सदर बाजार क्षेत्र में नवादा रोड पर कमल विहार जाली वाली फैक्टरी निवासी शिवचरण रोहिला बृहस्पतिवार रात कोतवाली मंडी क्षेत्र के रहने वाले नवीन उपाध्याय के बेटे की शादी में शामिल हुए थे। शादी समारोह गोशाला रोड स्थित रामलीला भवन में चल रहा था।
नवीन उपाध्याय का रिश्तेदार रोहित उपाध्याय निवासी मोहल्ला सरस्वती विहार थानाभवन जिला शामली डीजे पर गाना बजवाकर हाथ में पिस्टल लेकर डांस कर रहा था। इसी दौरान पिस्टल से गोली चल गई, जो पास में खड़े शिवचरण रोहिला के सीने में जा लगी।
गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़े। इससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजन व अन्य लोग घायल शिवचरण को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिवचरण रोहिला पर मानकमऊ मंडल में महामंत्री का पद था।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अभिनंदन सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल, एएसपी मनोज कुमार यादव मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के बेटे हर्षित रोहिला की तहरीर पर हत्या की धाराओं में आरोपी रोहित उपाध्याय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को बाबा लालदास मंदिर गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल बरामद हुई है।