भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- एसआईआर को लेकर भ्रम फैला रही कांग्रेस
वाराणसी दौरे पर आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जानबूझकर भ्रम फैला रही है। एसआईआर पूरी तरह से चुनाव आयोग की प्रक्रिया है, लेकिन भाजपा एक जिम्मेदार राजनीतिक दल होने के नाते इसे लेकर धरातल पर जागरूकता फैला रही है।पंकज चौधरी ने कहा कि जो मतदाता सूची सामने आई है, उसकी भाजपा कार्यकर्ता स्वयं जांच कर रहे हैं। वोट कटने की शिकायतें गंभीर और चिंता का विषय हैं, इसलिए हर स्तर पर परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस संवैधानिक प्रक्रिया को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही है।इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मनरेगा योजना पर चर्चा करते हुए कहा कि वर्ष 2006 से लागू मनरेगा में कई खामियां थीं। अस्थायी सड़कों का निर्माण नहीं हो रहा था, गड्ढे खोदकर भरने जैसे काम हो रहे थे और आर्थिक-सामाजिक लाभ नहीं मिल पा रहा था। नकली जॉब कार्ड बनाए जा रहे थे और जांच की कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी।