नाबालिक छात्रा से दोस्ती के बाद किया दुष्कर्म, वीडियो बनाकर की ब्लैकमेलिंग
शिवपुरी। कोलारस थानांतर्गत एक नाबालिग छात्रा से दोस्ती के बाद दुष्कर्म और वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने 14 वर्षीय पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट, दुष्कर्म व विभिन्न धाराओं में प्रकरण कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
किसिंग वीडियो से ब्लैकमेल कर दुष्कर्म किया
पुलिस के मुताबिक 14 वर्षीय छात्रा 26 जुलाई 2024 को जब कोचिंग जा रही थी, तभी उसे जनरल स्टोर के पास रास्ते में 20 वर्षीय आरोपी मिला। छात्रा के अनुसार युवक ने उसे कुछ बात करने के बहाने संस्कार कैफे पर बुलाया था। दोपहर 3:30 बजे वह उससे बात करने के लिए कैफे पर पहुंची तो युवक ने उसे प्रपोज किया और उसे किस करते हुए वीडियो बना लिया। इसके बाद से ही वह छात्रा का पीछा करता रहा और वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल करने लगा। वह उसे दोबारा से संस्कार कैफे पर ऊपर बने कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे देर शाम गिरफ्तार भी कर लिया।
छात्रा से 20 हजार रुपये भी ऐंठे
पीड़िता के अनुसार आरोपी युवक ने छात्रा के फोटो-वीडियो बनाकर लगातार उसे ब्लैकमेल कर पैसों की मांग भी की।धीरे-धीरे करके उससे 20 हजार रुपये भी यह कहते हुए ऐंठ लिए कि अगर वह उसे पैसे नहीं देगी तो वह उसके सारे फोटो-वीडियो इंटरनेट पर डाल देगा। इसी से छात्रा डिप्रेशन में आ गई और उसकी तबीयत खराब होती चली गई। बुधवार रात छात्रा को कोलारस हास्पिटल में भर्ती कराया गया औ वहां से जिला अस्पताल रैफर किया गया।
संस्कार कैफे की भी होगी जांच
इस मामले में कोलारस टीआई रवि चौहान ने कहा, ” एफआईआर में पीड़िता ने दुष्कर्म का घटना स्थल संस्कार कैफे बताया है।ऐसे में मामले की विवेचना के दौरान संस्कार कैफे स्थित घटना स्थल का भी निरीक्षण किया जाएगा। वहां कमरा किस आधार पर और कैसे उपलब्ध करवाया गया। इन तथ्यों का भी परीक्षण किया जाएगा। अगर संस्कार कैफे के संचालक के खिलाफ भी सबूत मिलते हैं, तो उसे मामले में आरोपित बनाया जाएगा।”