प्रतापगढ़ में दो पक्षों में खूनी संघर्ष:सरकारी जमीन की पैमाइश के दौरान बवाल, नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र के सराय स्वामी गांव में शनिवार को सरकारी जमीन की पैमाइश के दौरान दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान हुई मारपीट में शिकायतकर्ता और उसके दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में कुल नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, गांव में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के मद्देनजर तहसील प्रशासन के निर्देश पर लेखपाल को मौके पर पैमाइश के लिए भेजा गया था।
जैसे ही जमीन की नापजोख शुरू हुई, दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। आरोप है कि एक पक्ष ने पैमाइश का विरोध करते हुए उसे रुकवाने की कोशिश की, जिससे विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडों और हाथ-पैरों से हमला शुरू हो गया और पूरा इलाका रणक्षेत्र में बदल गया।
मारपीट की सूचना मिलते ही महेशगंज थाने से दरोगा शिवा प्रजापति पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को काबू में किया और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया।
दरोगा शिवा प्रजापति की तहरीर पर पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल नौ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में कमल सिंह, ज्ञान सिंह, चन्द्रिका सिंह, बच्चा सिंह, गुलाब सिंह, नरसिंह, कृष्ण देव पाण्डेय, आलोक पाण्डेय और अंकित पाण्डेय शामिल हैं। सभी के खिलाफ मारपीट, बलवा और शांति भंग करने जैसी धाराओं में केस दर्ज किया गया है।