दिल्ली के अस्पताल के डाॅक्टर की बेरहमी से हत्या; 50 KM दूर बागपत में गांव के नाले में मिला शव
बागपत। दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में कार्यरत डॉ. परवेज का शव शनिवार सुबह 50 किमी दूर उनके पैतृक कस्बे बड़ौत के बाहर नाले में संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद शव की शिनाख्त के लिए परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो सभी सन्न रह गए।
डॉ. परवेज दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में पिछले 10 साल से प्रैक्टिस कर रहे थे। वे यहां कैसे पहुंचे और हत्या किसने की यह गुत्थी उलझ गई है। डाॅक्टर के परिजनों ने किसी से रंजिश होने से इनकार किया है। बहरहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बताया जा रहा है कि बड़ौत के रहने वाले अली मोहम्मद के बेटे परवेज ने एमबीबीएस एमडी की डिग्री कर रखी है। डाॅ. परवेज दिल्ली में रहकर लगभग 10 साल से लोकनायक अस्पताल में सेवाएं दे रहे थे। शनिवार सुबह डॉ. परवेज का शव पैतृक कस्बे के बाहर नाले में पड़ा मिला।
परिजनों का कहना है कि परवेज से शुक्रवार रात फोन पर बात हुई थी। तब उन्होंने दिल्ली में होने की बात कही थी। इसके बाद अचानक वह बड़ौत कैसे आ गए। यह बात समझ से परे है। हालांकि परिजन किसी से रंजिश होने की बात से इनकार कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस के लिए हत्या की वजह ढूंढनी चुनौती बन गई है।
इंस्पेक्टर मनोज कुमार का कहना है कि डाॅक्टर का शव संदिग्ध हालात में कस्बे के बाहर मिला था। शव पर किसी धारदार हथियार आदि के निशान नहीं हैं। हाथ में गलत तरीके के एक वीगो लगा था। प्राथमिक जांच में कुछ स्पष्ट। नहीं हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। कस्बे के आसपास और रूट के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। परिजनों से तहरीर ले ली गई है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।