काशी में बोले कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी,अब महात्मा गांधी की वैचारिक हत्या कर रही भाजपा, प्रमोद तिवारी ने एसआईआर प्रक्रिया और मतदाता सूची से नाम काटे जाने पर व्यक्त की चिंता
वाराणसी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज्य सभा सांसद प्रमोद तिवारी ने सिगरा स्थित होटल सिद्धार्थ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि महात्मा गांधी की शारीरिक हत्या नाथूराम गोडसे ने की थी,लेकिन अब उनकी वैचारिक हत्या भाजपा कर रही है। तिवारी ने मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने को इसी प्रक्रिया का हिस्सा बताया।
सांसद प्रमोद तिवारी ने आरोप लगाया कि सरकार महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना को समाप्त करने की दिशा में तेजी से बढ़ रही है। तिवारी ने कहा कि अब मनरेगा में रोजगार की गारंटी समाप्त हो गई है और यह अन्य योजनाओं की तरह हो गई है।मनरेगा योजना में पहले राज्य सरकार 10 प्रतिशत का अंशदान करती थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 40 प्रतिशत करना होगा।तिवारी ने सवाल उठाया कि कर्ज में डूबी राज्य सरकार यह काम कैसे कर पाएगी।
प्रमोद तिवारी ने कहा कि मनरेगा योजना ने कोरोना के दौरान गरीबों को दो वक्त की रोटी मुहैया कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।कांग्रेस इस योजना को किसी भी हाल में समाप्त नहीं होने देगी और इसके लिए संघर्ष करती रहेगी। तिवारी ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि निरंकुश सरकार मनरेगा को वापस नहीं लेगी, तो कांग्रेस की सरकार बनने पर 24 घंटे के भीतर इस योजना में महात्मा गांधी का नाम जोड़ा जाएगा और इसे पूर्व की तरह प्रभावी बनाया जाएगा।
प्रमोद तिवारी ने एसआईआर के बारे में कहा कि उनका विरोध इस प्रक्रिया की गति को लेकर है। तिवारी ने कहा कि यह कार्य दो या तीन महीने का नहीं है,इसके लिए छह महीने या एक साल का समय दिया जाना चाहिए। तिवारी ने बताया कि पूरे उत्तर प्रदेश में तीन करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं, जो लोग दूर-दराज जाकर रोजी-रोटी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
प्रमोद तिवारी ने कहा कि इस कार्य को जल्दीबाजी में पूरा कराने का दबाव पूरे प्रदेश ने देखा है और कई बीएलओ इस दबाव में मर गए। तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अगले 100 दिनों में कई महत्वपूर्ण कार्यों को अंजाम देने की योजना बना रही है,जिसमें संविधान संवाद महापंचायत,मनरेगा बचाओ संग्राम,एसआईआर में छूटे वोटरों का नाम जुड़वाना,पंचायत चुनाव,सेवा बलिदान के 140 वर्ष,एमएलसी चुनाव और संगठन सृजन जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।तिवारी ने एनएसयूआई के नेताओं पर पुलिस कार्रवाई की निंदा की। तिवारी ने कहा कि सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है और आवाज उठाने वालों की आवाज दबा रही है।
प्रमोद तिवारी ने प्रियंका गांधी का जन्मदिन मनाते हुए स्थानीय पदाधिकारियों के साथ केक काटा और उनकी दीर्घायु की कामना की।तिवारी ने कांग्रेस की योजनाओं और सरकार की नीतियों पर गंभीर चिंता व्यक्त की और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। तिवारी का यह बयान कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।