बंद कमरे में सड़ता रहा रिटायर्ड जेई का शवःपुलिस ने दरवाजा तोड़कर निकाला; 15 दिन से बंद था मोबाइल
कानपुर में सिंचाई विभाग के रिटायर्ड जेई का शव उनके घर में सड़ता रहा। वह पत्नी और दो बेटियों से अलग रहते थे। पिछले 15 दिनों से उनका मोबाइल फोन बंद था। गुरुवार को उनसे मिलने पहुंची बहन ने दरवाजा बंद देखा। अंदर से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची तो बेड पर शव पड़ा मिला।
डेड बॉडी पूरी तरह गल चुकी थी। देखकर लग रहा था कि उनकी मौत कई दिन पहले ही हो चुकी है। छोटे भाई और बहन ने बताया कि उनसे 15 दिन पहले आखिरी बार बात हुई। इसके बाद से मोबाइल बंद जा रहा था।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शव और आसपास की जगह की जांच की। पुलिस ने उनकी पत्नी और बेटियों को फोन किया है। लेकिन अभी तक संपर्क नहीं हो पाया है। मामला जाजमऊ स्थित आदर्श नगर कॉलोनी का है।
अब पढ़िए पूरा मामला…
कानपुर आर्यनगर के रहने वाले जेई विजय कुमार घोष (62) सिंचाई विभाग में जेई थे। 2022 में वह अपने पद से रिटायर हुए। इसके बाद वह जाजमऊ स्थित आदर्श नगर इलाके में रहने लगे। परिवार में पत्नी पूर्णिमा अधिकारी (रिटायर्ड इनकम टैक्स कर्मचारी), बेटी रुद्राणी (24) और ब्राह्मणी (20) हैं।
उनकी पत्नी पूर्णिमा भी वर्ष 2023 में रिटायर हो चुकी हैं। इसके बाद से वह दोनों बेटियों को लेकर बनारस अपने मायके में रहने लगीं। तब से विजय घोष यहां अकेले ही रहते थे। यहां उनके छोटे भाई और बहन दूसरे इलाके में रहते हैं। वह लोग फोन पर अक्सर बात करके एक-दूसरे का हाल चाल लेते थे। इधर पिछले करीब 15 दिनों से बात नहीं हो सकी थी।
बहन बोलीं- दरवाजा पर ताला लगा मिलता था
जाजमऊ के जेके कॉलोनी की रहने वाली मृतक की छोटी बहन कल्पना घोष ने बताया कि वह 10 से 15 दिन में एक बार घर जाकर हालचल लेती थीं। 25 दिसंबर से बड़े भाई विजय का फोन बंद बता रहा है। जब घर के बाहर से गुजरते थे तो घर में ताला लटकता दिखता था। इससे अनुमान होता था कि बड़े भाई विजय कहीं घूमने निकले होंगे।
गुरुवार दोपहर 3 बजे घर के बाहर खड़े होने पर अंदर से दुर्गंध आ रही थी। इसकी जानकारी 112 पर कॉल करके दिया। पुलिस की मदद से जब अंदर पहुंचे तो बेड पर शव पड़ा था।
नए साल की बधाई के लिए फोन किया, बंद मिला विजय घोष के छोटे भाई रमाकांत घोष ने बताया कि भाई को नए वर्ष की शुभकामनाएं देने के लिए कॉल किया था। उनका नंबर बंद बता रहा था। इस बीच लगातार कॉल की लेकिन संपर्क नहीं हो पा रहा था। गुरुवार को बहन कल्पना के साथ पहुंचे तो अंदर से ताला बंद था। पुलिस की मदद से अंदर पहुंचे तो बेड पर उनका शव पड़ा था
जाजमऊ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मौके पर फोरेंसिक टीम की मदद से जांच की गई। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।