कानपुर में परिजन बोले- बेटे की हत्या कर शव फेंका: सड़क किनारे पड़ी मिली थी डेडबॉडी, रोड जाम कर हंगामा किया
कानपुर के नरवल थाना क्षेत्र में रविवार रात 30-वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सोमवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने गांव के कुछ युवकों पर हत्या का आरोप लगाया। शव को सड़क पर रखकर हंगामा किया और नरवल सड़क मार्ग जाम कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाया और दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच जारी रहेगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मृतक की पहचान नरवल के सेमरझाल गांव निवासी 30 वर्षीय सुरजीत के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के एक अधिकारी का चालक था।
परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए गांव के दो युवकों पर आरोप लगाया है। सुरजीत के परिवार में उसकी पत्नी सुनीता और दो साल का बेटा कृष्णा हैं। उसके पिता रमेश और छोटे भाई शुभम ने बताया कि सुरजीत रविवार दोपहर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने जब उसे फोन किया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था।
देर रात गणेश शंकर विद्यार्थी इंटर कॉलेज के सामने सुरजीत का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। सुरजीत को सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की गांव के ही दो युवकों से पुरानी रंजिश चल रही थी।
उन्होंने बताया कि हाल ही में एक आरोपी युवक जेल से छूटकर आया था। परिजनों ने इन दोनों युवकों पर सुरजीत की हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अत्यधिक खून बहने को मौत का कारण बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, युवक के सिर, कमर, पैर और कंधे पर चोटें पाई गई हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। नरवल थाना प्रभारी अखिलेश पाल ने बताया कि इस मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। सड़क पर शव रख कर हंगामें की सूचना पर एसडीएम नरवल विवेक कुमार मिश्रा व एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे।
परिजनों को समझा बुझाकर शांत करवाया और सड़क सुरक्षा बीमा के तहत मुआवजा दिलाने की बात कही। जिसके बाद मृतक के परिजनों ने शव लेकर घर चले गए। वहीं, इस सम्बंध में नरवल थाना प्रभारी अखिलेश पाल ने बताया कि मंगलवार को सुरजीत के शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिजनों की जो भी मांगे है वो शासन स्तर को रिपोर्ट बना कर भेजी जा रही है। फिलहाल स्तिथि सामान्य है। सड़क पर यातायात सुचारू है। पुलिस अन्य आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है। अगर इस मामले में तहरीर मिलती है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।