प्रेम प्रसंग में पति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
गुरुग्राम के मानेसर क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी पति को मरा समझकर मौके पर छोड़कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में लोगों ने पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां फरीदाबाद के एक अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
पीड़ित की शिकायत पर गुरुग्राम पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए पत्नी और उसके प्रेमी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 30 दिसंबर को आईएमटी मानेसर थाना पुलिस को एक व्यक्ति पर जानलेवा हमले की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल को इलाज के लिए फरीदाबाद भेजा गया है।
अस्पताल में पीड़ित शिव शंकर ने पुलिस को बताया कि वह उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के लतीफपुर गांव का रहने वाला है और मानेसर स्थित एक कंपनी में काम करता है। शिव शंकर ने बताया कि वह अपनी पत्नी पूनम के साथ गांव खोह में किराये पर रहता था। वर्ष 2012 में दोनों एक ही कंपनी में कार्यरत थे, जहां से उनकी पहचान बढ़ी और बाद में दोनों ने विवाह कर लिया। वर्ष 2017 में उनके एक बेटा भी हुआ।
पीड़ित के अनुसार, कुछ समय बाद उसे पता चला कि उसकी पत्नी पूनम का उसी कंपनी में काम करने वाले मनखुश नामक व्यक्ति से संपर्क है। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। 30 दिसंबर को पूनम ने उसे झरना मंदिर दर्शन के बहाने घर से बुलाया।
मंदिर से लौटते समय वीपीएस स्कूल के पास एक व्यक्ति ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों नीचे गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से मनखुश ने शिव शंकर को पकड़ लिया और तभी पूनम ने तेजधार हथियार से उसके चेहरे पर कई वार कर दिए। इसके बाद दोनों आरोपी उसे मरा समझकर स्कूटी से फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मनखुश को कासन से और पूनम को मानेसर से गिरफ्तार कर लिया है। मनखुश मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का निवासी है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और स्कूटी भी बरामद कर ली है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।