BJP का पूर्व पदाधिकारी बना हत्यारा: शराब पीकर लोहे की रॉड से खत्म कर दी पत्नी रोशनी की जिंदगी
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोइनुद्दीन ने पत्नी रोशनी (27) की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मोइनुद्दीन शराब का आदी था। अक्सर शराब पीकर रोशनी से विवाद करता था। हमीरपुर के मौदहा कोतवाली के कम्हरिया गांव में रविवार भोर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोइनुद्दीन ने पत्नी रोशनी (27) की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह घर में दो वर्षीय मासूम बेटे को रोता-बिलखता छोड़कर भाग गया।
रोशनी की मां इशरत बानो ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। देर शाम पुलिस ने मोइनुद्दीन को मुटनी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस की पूछताछ में पड़ोसियों ने बताया कि मोइनुद्दीन शराब का आदी था। अक्सर शराब पीकर रोशनी से विवाद करता था। आशंका है कि शराब के नशे में विवाद के बाद हत्या की गई हो। कम्हरिया गांव निवासी कमरुद्दीन ने बताया कि मोइनुद्दीन के फूफा रायपुर निवासी यूसुफ अली ने फोन पर उन्हें रोशनी की मौत की जानकारी दी। वह घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था और किसी के रोने की आवाज आ रही थी।
आसपास के लोगों और कोतवाली प्रभारी उमेश यादव, सीओ सदर राजेश कमल की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। कमरे में रोशनी का शव पड़ा था। बगल में दो वर्षीय बेटा असद रो रहा था। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि रोशनी की हत्या उसके पति मोइनुद्दीन ने ही की है। रोशनी की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रोशनी की यह दूसरी शादी थी।