‘हेल्लो पुलिस मुझे मार रहे हैं’; घर से बुला बाप-बेटों ने योगेश को पीट पीटकर मार डाला, कब्रिस्तान में मिला शव
बुधवार की रात 11.23 बजे योगेश के मोबाइल नंबर से यूपी 112 पर कॉल की गई है। कॉल करने वाले ने अपना नाम योगेश बताते हुए कहा कि उसके गांव के कपिल, गौरव और इनके पिता शोभाराम पीट रहे हैं। ईंट पत्थर से हमला कर रहे हैं। यूपी के मुरादाबाद स्थित पाकबड़ा थानाक्षेत्र के गुरेठा गांव निवासी पेंटर योगेश कुमार (21) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे उसका शव गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूर मौढ़ा तैय्या स्थित कब्रिस्तान के पास मिला।
पेंटर के भाई ने गांव के शोभाराम और उसके बेटे गौरव, कपिल पर घर से बुलाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस प्रेम संबंध समेत अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। पेंटर योगेश के भाई उमेश ने पाकबड़ा थाने में दर्ज कराए केस में बताया कि बुधवार की शाम करीब छह बजे उसका छोटा भाई योगेश घर में मौजूद था। इसी दौरान गुरेठा निवासी शोभाराम, उसके बेटे कपिल व गौरव आ गए और योगेश को अपने साथ बुलाकर ले गए। इसके बाद से योगेश गायब था।
देर रात तक वह वापस नहीं आया तो उसकी तलाश शुरू की गई। उसके मोबाइल पर कॉल तो जा रही थी लेकिन कोई रिसीव नहीं कर रहा था। बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे उसका शव मौढ़ा तैय्या में कब्रिस्तान के पास मिला। शव के पास ही उसका मोबाइल पड़ा था। इसकी जानकारी मिलने पर एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह और सीओ हाईवे राजेश कुमार मौके पर पहुंच गए और फोरेंसिक टीम बुला ली गई। टीम ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। उमेश का आरोप है कि कपिल, गौरव और शोभाराम ने उसके भाई की हत्या की है। एसपी सिटी ने बताया कि नामजद तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। अब तक पूछताछ में उन्होंने इस घटना में शामिल होने से इनकार किया है।