कर्नाटक के चित्रदुर्ग में भीषण सड़क हादसा: स्लीपर बस–ट्रक की टक्कर में 9 की जिंदा जलकर मौत
कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे पर बेंगलुरु से शिवमोग्गा जा रही एक स्लीपर बस की कंटेनर ट्रक से टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम नौ लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद बस में भीषण आग लग गई और कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और ट्रक में आग लग गई। कुछ यात्री किसी तरह बस से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई यात्री अंदर ही फंस गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आग तेजी से फैलने के कारण बचाव कार्य में भी काफी मुश्किलें आईं।
हादसे में जीवित बचे एक यात्री ने बताया कि दुर्घटना के समय वह बस में सो रहा था। टक्कर के झटके से वह अपनी सीट से नीचे गिर गया। चारों ओर आग और धुआं फैल चुका था। यात्री चिल्ला रहे थे और दरवाजा खोलने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन वह नहीं खुला। मजबूरी में कुछ यात्रियों ने शीशा तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास किया। कई लोग दूसरों को बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि हालात बेकाबू हो गए।

सचिन नाम के एक यात्री, जो उसी सड़क पर यात्रा कर रहे थे, ने बताया कि स्लीपर बस ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया था। इसी दौरान सामने से आ रहा एक कंटेनर ट्रक अचानक डिवाइडर पर चढ़ गया और बस से टकरा गया। ट्रक की टक्कर बस के उस हिस्से में हुई, जहां डीजल टैंक था, जिससे आग और भड़क गई।
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया। करीब आठ किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और यातायात को सुचारु कराने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।