पति ने सुसाइड कियाः पत्नी पर 15 लाख रुपए का कर्ज, किस्त भरते-भरते हो गया था परेशान
कानपुर के कैंट थाना क्षेत्र मैकूपुरवा में शुक्रवार सुबह 11 बजे एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
मृतक की पहचान बाबूराम (45) के रूप में हुई है। वह टाइल्स और पत्थर का काम करते थे। उन्होंने पंखे में साड़ी के सहारे फांसी लगाई थी। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने मौके से कई साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाबूराम के भतीजे रवि निषाद ने आरोप लगाया है कि उनकी चाची अनीता पिछले तीन साल से चाचा को प्रताड़ित कर रही थी। चाची ने महिलाओं और अन्य माध्यमों से 14-15 लाख रुपए का कर्ज ले रखा था, जिसकी किस्तें चाचा भरते थे।
रवि के अनुसार, जब भी कर्ज की किस्तें लेट होती थीं चाची चाचा पर दबाव बनाती थीं और उन्हें जेल भिजवाने की धमकी देती थी। इन आए दिन के विवादों के कारण चाचा तनाव में चल रहे थे। पत्नी अनीता पिछले तीन साल से अपने मायके घाऊखेड़ा में रह रही हैं।