पति ने अवैध संबंध के शक में गर्भवती पत्नी का किया कत्ल, मासूम बेटी का ब्लेड से रेता गला
आगरा के थाना जगदीशपुरा इलाके में 35 वर्षीय शबीना और उसकी 8 वर्षीय बेटी इनाया की घर में हत्या कर दी गई थी। घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस बुलाई। घर पर ताला लगा था। पुलिस ने ताला तोड़कर प्रवेश किया। दोनों के शव कमरे में फर्श पर कंबल में लिपटे मिले। पुलिस ने हत्या करने के आरोपी अब्दुल रशीद को बृहस्पतिवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने तीसरा निकाह किया था। उसे शक था कि पत्नी के किसी और से भी संबंध हैं।
एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बताया कि 9 अप्रैल को शबीना और इनाया के शव घर के अंदर एक कमरे में मिले थे। दुर्गंध आने पर लोगों को पता चला था। केस दर्ज कर अब्दुल रशीद की तलाश की जा रही थी। बृहस्पतिवार रात बिचपुरी-पथाैली मार्ग पर जब उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हुआ। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
5 महीने पहले हुआ था निकाह…
अब्दुल रशीद मार्बल कारीगर है। उसने 8 नवंबर 2024 को शबीना के साथ निकाह किया था। वह उम्र में छोटी थी। उसके पहले पति से बेटी इनाया थी। शबीना की बहन किरावली में रहती है। बहन को 5 अप्रैल को शबीना ने काॅल किया था। खुद को परेशान बताया था। इसके बाद काॅल कट गया था।
पत्नी के खिलाफ मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी शिकायत…
शबीना के परिजनों ने बताया कि पिता इसरार कहरई, ताजगंज में रहते थे। मगर, 1 साल पहले मकान बेचकर बदायूं चले गए थे। वहीं पर परिवार रहता है। बड़ी बेटी शबनम किरावली में रहती है। छोटी शबीना की दूसरी शादी करने किरावली आए थे। अब्दुल रशीद का पहली पत्नी से विवाद हो गया था। दूसरी पत्नी की संदिग्ध हालात में मृत्यु हो गई थी।
छत्तीसगढ़ भाग गया था…
अब्दुल रशीद ने पुलिस को बताया कि वह छत्तीसगढ़ भाग गया था। वहां मजदूरी करता था। बाद में काम मिलना बंद हुआ तो खाने को कुछ नहीं बचा। इससे वापस आ गया। उसने बताया कि पत्नी अक्सर फोन पर बात करती थी। खाना भी नहीं बनाती थी। उसे शक था कि शबीना के किसी और व्यक्ति से संबंध हैं।
पत्नी के सिर पर मारे डंडे, ब्लेड से रेता बेटी का गला…
5 अप्रैल को उसका शबीना से झगड़ा हुआ। गुस्से में उसने डंडे से उसके सिर पर कई प्रहार किए। यह देखकर बेटी चीखने लगी। इस पर घर में रखे ब्लेड से बेटी का गला रेत दिया। कमरे में दोनों के शव बंद कर भाग गया था।