इंस्टाग्राम स्टेटस बना मौत की वजह, 11वीं के छात्र की गोली मारकर हत्या
गोरखपुर। सोशल मीडिया पर इंस्टाग्राम स्टेटस को लेकर हुए विवाद ने एक छात्र की जान ले ली। गोरखपुर में 11वीं कक्षा के छात्र सुधीर भारती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना 26 दिसंबर की बताई जा रही है। सुधीर ने इंस्टाग्राम पर एक विवादित स्टेटस डाला था, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया।
आरोप है कि चार युवक कोऑपरेटिव इंटर कॉलेज के कैंपस में घुस आए और सुधीर पर फायरिंग कर दी। पहली गोली निशाना चूक गई। इसके बाद दो आरोपियों ने सुधीर का हाथ पकड़ लिया और तीसरे आरोपी ने उसकी छाती में गोली मार दी। अत्यधिक खून बहने से सुधीर मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी पिस्तौल लहराते हुए फरार हो गए।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने करीब ढाई घंटे तक हंगामा किया। 17 वर्षीय मुख्य आरोपी का घर मृतक के घर से महज 100 मीटर की दूरी पर है। गुस्साए परिजनों ने आरोपी के घर के गेट पर शव रखकर विरोध जताया। मृतक की मां ने रोते हुए कहा कि “एक जान के बदले जान मिलनी चाहिए।”
पुलिस के अनुसार एफआईआर में 17 वर्षीय मुख्य आरोपी समेत विनय, रोशन और ऋषभ के नाम दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने थाने पर आरोपियों के परिजनों से पूछताछ की है। आधी रात तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी, जिस कारण परिजन थाने में ही डटे रहे।
जांच में सामने आया है कि तीन दिन पहले सुधीर का गांव के कुछ नाबालिग लड़कों से झगड़ा हुआ था। गांव में अलग-अलग गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर आए दिन विवाद होते रहते थे। इस बार विवाद सोशल मीडिया तक पहुंच गया और इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे के खिलाफ पोस्ट और स्टेटस डाले जा रहे थे।
सुधीर के दोस्त उसे ‘भोला’ नाम से बुलाते थे। उसने इसी नाम से इंस्टाग्राम आईडी बना रखी थी और रोजाना कई रील्स पोस्ट करता था। परिजन और ग्रामीणों का कहना है कि यही सोशल मीडिया गतिविधि उसकी मौत की वजह बन गई।
मृतक की चाची श्यामा देवी ने बताया कि घटना के वक्त सुधीर गांव के एक लड़के को बाइक चलाना सिखा रहा था। इसी दौरान पहले एक युवक ने गोली चलाई, जो मिस हो गई। फिर दो युवक पहुंचे, सुधीर को पकड़ा और तीसरे ने उसके सीने में गोली मार दी।
सुधीर की मां राजकुमारी शाहपुर के बिछिया क्षेत्र स्थित बाल शिशु गृह में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 1:40 बजे उन्हें फोन कर तुरंत घर बुलाया गया। जब वह घर पहुंचीं तो बेटे का शव खून से लथपथ पड़ा था। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।