कलयुगी बेटे ने जमीनी विवाद में पिता की गोली मार कर की हत्या,हिस्ट्रीशीटर आरोपी मौके से फरार
हापुड़। हापुड़ में जमीनी विवाद को लेकर हिस्ट्रीशीटर बेटे ने अपने पिता के गोली मार हत्या कर दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आरोपी बेटे की तलाश में जुट गई है।थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के ग्राम नूरपुर में राममेहर सिंह (82) अपनी पत्नी शकुंतला, पुत्रवधू गीता और पुत्र हिमांशु के साथ रहते थे। उनका बड़ा बेटा प्रवीण मुरादाबाद में रहता है जबकि मंझला बेटा विनोद उर्फ पप्पू की 25 साल पहले हत्या हो चुकी है। छोटा बेटा अजीत बाबूगढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
शुक्रवार की रात राममेहर सिंह और अजीत के बीच जमीन के ठेके को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि अजित ने तमंचा निकालकर अपने पिता के सीने में दो गोली मार दी, जिससे राममेहर लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिजन और आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिवार में कोहराम मच गया। एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने राम मेहर को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। फॉरेंसिक टीम मौके पहुंच कर जांच कर रही है। आरोपी बाबूगढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।