प्यार, शादी और मौत: 22 दिन पहले जिस पेड़ के नीचे लिये सात फेरे, उसी से लटके मिले प्रेमी युगल के शव
यूपी के सीतापुर में प्रेम विवाह के 22वें दिन पति-पत्नी के शव फंदे से लटके मिले। खुशीराम और मोहिनी ने 22 दिन पहले अपने घर से करीब एक किलोमीटर दूर एक पेड़ के नीचे सात फेरे लेकर शादी की थी। रविवार सुबह दोनों के शव उसी पेड़ की एक डाल से एक ही रस्सी के दो फंदों के सहारे लटकते मिले।
सीतापुर के अनियाकला गांव स्थित महामाई मंदिर के पास रविवार सुबह पति-पत्नी के शव एक ही पेड़ से लगे फंदे से लटकते मिले। छह दिसंबर को दोनों ने परिजनों की इच्छा के खिलाफ इसी मंदिर में प्रेम विवाह किया था। ग्रामीणों के अनुसार शादी के बाद परिजन राजी हो गए थे। ऐसे में घटनाक्रम को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने जांच शुरू की है।
पुलिस के अनुसार यह हत्या का भी मामला हो सकता है। बस्तीपुरवा निवासी खुशीराम (22) और मोहिनी (19) पट्टीदार थे। करीब तीन वर्ष पहले दोनों करीब आए। पट्टीदार होने के कारण विवाह संभव नहीं था। इसलिए उन्होंने छह दिसंबर को महामाई मंदिर में पहुंचकर शादी कर ली। इसके बाद परिजन भी मान गए।
दोनों घर पर ही रह रहे थे। खुशीराम के परिजनों के अनुसार, रविवार तड़के करीब पांच बजे दोनों घर से बाहर निकले। काफी देर तक नहीं लौटे तो तलाश शुरू की गई। घर से करीब एक किमी दूर महामाई मंदिर के पास पेड़ से दोनों के शव लटकते मिले। मोहिनी के पैर जमीन को छू रहे थे। पुलिस ने दोनों शवों को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर बलवंत शाही ने बताया कि दोनों के परिजनों ने अभी किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।