बिजनौर में नायब तहसीलदार ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली; मौत, पारिवारिक झगड़े की आशंका
बिजनौर। नायब तहसीलदार ने सरकारी आवास में लाइसेंसी पिस्टल ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार की सुबह 10 बजे की है। कुछ ही देर पहले वह दूसरे जिले से लौटे थे। परिवार के लोग उन्हें गंभीर हालत में लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के पीछे का कारण पारिवारिक झगड़ा बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।जिले के गंज में तैनात नायब तहसीलदार राजकुमार सरकारी काम से मंगलवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में जवाब दाखिल करने गए थे। बुधवार की सुबह ही वह सरकारी आवास पर लौटे थे। इसके कुछ देर बाद वह अपने कमरे में चले गए। इसके बाद दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। घटना के दौरान परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में थे।
गोली की आवाज सुनकर दौड़े परिजन ।
कुछ देर बाद उन्होंने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। सिर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली की आवाज सुनकर परिजन उनके कमरे की ओर दौड़े। दरवाजा तोड़कर नायब तहसीलदार को बाहर निकाला। परिजनों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद तुरंत ही सरकारी वाहन से आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में कुछ देर के इलाज के बाद नायब तहसीलदार की मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद पुलिस के अलावा तमाम प्रशासनिक अफसरों ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। एसपी अभिषेक झा के अनुसार नायब तहसीलदार के कमरे से लाइसेंसी पिस्टल मिला है। घटनास्थल को सील कराकर जांच कराई जा रही है।वहीं एसपी सिटी संजीव बाजपेयी ने बताया कि इलाज के दौरान नायब तहसीलदार की मौत हो गई। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
साल 2013 में शादी, परिवार में 2 बेटियां ।
नायब तहसीलदार राजकुमार बागपत जिले के नांगल गांव के रहने वाले थे। साल 2013 में उनकी शादी शामली के बाबरी की रहने वाली आंचल से हुई थी। परिवार में दो बेटियां हैं। इनमें सिया बड़ी है जबकि छोटी बेटी डेढ़ साल की है। नायब तहसीलदार के पिता का नाम कुंवर पाल है।