बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी में जिला प्रशासन जुटी है और लगातार वोट प्रतिशत बढ़ाने को लेकर शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी मतदाता जागरूकता अभियान चला रही है। वहीं बिहार विधानसभा चुनाव में खलल डालने की कोशिश में नक्सलियों का दस्ता जुटा है। इसको लेकर जमुई-लखीसराय सीमा रेखा से सटे मलयपुर थाना अंतर्गत बरियारपुर गांव में स्थित सिंचाई विभाग के पुराने बिल्डिंग के पास नक्सलियों के दस्ता पहुंचने की सूचना जमुई पुलिस को मिली थी। इसके बाद एसपी के निर्देश पर अर्धसैनिक बलों के साथ मलयपुर और कई थाने की पुलिस के द्वारा इलाके में सर्च अभियान चलाया गया।
सुरक्षा बलों को देख हथियार छोड़ भागा नक्सली दस्ता
सूचना के बाद सुरक्षा बलों को अपनी ओर आते देख नक्सलियों का दस्ता मौके से जंगली पहाड़ की ओर फरार हो गया। वहीं भागने के क्रम में नक्सलियों का एक एके-47 लोडेड मैगजीन जिंदा कारतूस सिंचाई विभाग के बिल्डिंग के पास गिर गया। जिसे सुरक्षा बलों ने मौके से बरामद किया है। बताया जाता है कि जमुई पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान नक्सली संगठन कोई बड़ी घटना करने के फिराक में है। जिसको लेकर नक्सली संगठन का दस्ता मलयुपर थाना क्षेत्र के बरियारपुर जर्जर हो चुके सिंचाई विभाग के मकान के पास छिपा हुआ है। सूचना के बाद की गई कार्रवाई में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है।
हथियार मिलने के बाद अलर्ट हुई पुलिस
वहीं एके-47 का मैगजीन और कारतूस बरामद होने के बाद जमुई पुलिस अलर्ट हो गई है और लखीसराय पुलिस की टीम के साथ संयुक्त रूप से उक्त जंगली इलाके में सर्च अभियान चलाने की बात करने में जुटी है। बता दें कि 8 मई 2019 को मलयपुर थाना क्षेत्र के बस्ती स्थित एक स्वर्ण व्यवसायी के घर में 50 की संख्या में हथियारबंद नक्सलियों ने लूटपाट की जिसमें दो करोड़ से अधिक रुपए की लूटपाट की गई थी। उस वक्त भी नक्सली संगठन इसी बरियारपुर सिंचाई विभाग के जर्जर भवन का इस्तेमाल करते हुए पहुंचे थे और इसी स्थान से अंधेरा होते ही नक्सलियों ने हमला किया था।
बताया जाता है कि सर्च अभियान के बाद नक्सली संगठन के सदस्य लखीसराय के जंगली पहाड़ी इलाके की ओर फरार हो गया बता दें कि पहले फेज में 6 नवंबर को लखीसराय में चुनाव होना है। जबकि जमुई के इलाके में दूसरे चरण में 11 नंबर को मतदान होना है जिसको लेकर जिला प्रशासन इसकी तैयारी में जुटा है। जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि गुप्त सूचना मिला था कि कुछ असामाजिक तत्व बरियारपुर स्थित सिंचाई विभाग के पुराने मकान में पहुंचे हुए है। सूचना के बाद की गई छापेमारी में एक एके-47 का लोडेड मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है पूरे मामले की जांच की जा रही है।