लूडो खेलते समय हार जाने पर कसता था तंज, बदला लेने के लिए तालाब के पानी में डूबोकर की भतीजे थी हत्या
बलिया जिले में बालक की हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि तंज का बदला लेने के लिए बालक की हत्या की थी। बलिया जिले के फेफना थाना के आमडारी गांव निवासी 10 वर्षीय यशवंत को पानी में डुबोकर हत्या करने के आरोपी प्रतीक वर्मा को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। आमडारी से पकड़ी जाने वाले मार्ग के पास मंगलवार की देर रात मुठभेड़ हुई। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस, खोखा व कीचड़ लगे कपड़े बरामद हुए हैं।
इस वजह से वारदात को दिया अंजाम
शत्रुघ्न के साथ लूडो खेलते समय प्रतीक बार-बार हार जाता था। इस पर शत्रुघ्न उस पर तंज कसते थे। इसी का बदला लेने के लिए प्रतीक ने शत्रुघ्न के भतीजे यशवंत की हत्या कर दी थी। आरोपी पर पहले से ही हत्या प्रयास सहित दो प्राथमिकी दर्ज है।
ऐसे पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपाशंकर ने बताया कि देर रात फेफना पुलिस टीम आमडारी से पकड़ी जाने वाले मार्ग के पास चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। इस पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रतीक वर्मा निवासी आमडारी के बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।