प्रतापगढ़: कोचिंग जा रही छात्रा की मांग में जबरन भर दिया सिंदूर, मंगलसूत्र भी पहनाया, कहा- कल करेगा शादी
प्रतापगढ़। कस्बे में ऐसी घटना हुई, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया। कोचिंग जा रही 24 वर्षीय छात्रा को झांसा देकर एक युवक डांस एक एकेडमी में ले गया। वहां उसकी मांग में जबरन सिंदूर भर दिया। आरोपित के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा के परिवारवालों के अनुसार 29 जनवरी की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह कोचिंग पढ़ने जा रही थी।
इसी बीच रास्ते में मिला आरोपित युवक विपिन रावत पुत्र राधेश्याम निवासी लालूपुर लालगंज पीड़ित छात्रा को झांसा देकर बाइक से कस्बा स्थित एक डांस एकेडमी में ले गया। आरोप है कि वहां आरोपित ने जबरन पीड़िता की मांग में सिंदूर लगाकर मंगलसूत्र पहना दिया। अगले दिन मंदिर में शादी करने की बात भी कही। इसके बाद पीड़िता को वहां से जाने को कहा।
आरोपित ने पीड़िता को धमकी भी दी। रात में पुलिस के पास स्वजन गए व पूरा प्रकरण बताया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। वह आरोपित की तलाश में जुटी थी। उपनिरीक्षक दीपिका सिंह व बृजेश कुमार पुलिस बल के साथ गश्त पर निकले थे। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर शनिवार को सुबह आरोपित विपिन रावत वार्ड 10 संगियापुर मार्ग के पास मिल गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ आशुतोष मिश्र का कहना है कि जांच की जा रही है।