रामजानकी मंदिर के पुजारी की हत्या, हाथ-पैर बांधकर खेत में फेंका शव
प्रयागराज के नवाबगंज में में रामजानकी मंदिर के पुजारी की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। मुंह में कपड़ा ठूंसकर हाथ और पैर कपड़े से बांधकर उनका शव मंदिर के पास खेत में फेंक दिया गया। सुबह घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हत्या के बाद मंदिर का ताला तोड़कर मूर्तियां भी खेत में फेंक दी गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जाहिर तौर पर शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं दिख रहे हैं। दम घुटन से हत्या की आशंका जाहिर की जा रही है। आनापुर गांव में आईकेएम पीजी कॉलेज परिसर में राम जानकी का मंदिर है। यहां पर करीब दो दशक से एक दिव्यांग पुजारी महेंद्र मणि त्रिपाठी (45) पु्त्र बलराम पूजा पाठ और मंदिर की देखरेख करते थे। वह बिहार में सिवान के रहने वाले थे। सोमवार को उनकी लाश मंदिर के पास खेत में पाई गई। हाथ-पैर कपड़े की रस्सी से बंधे थे और मुंह में भी कपड़ा ठूंसा गया था।