बिहार के मुजफ्फरपुर में एक कोचिंग संचालक ने गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया। यहां एक टीचर पर आरोप है कि उसने एक छात्रा को शादी का झांसा देकर सात साल तक यौन शोषण किया। इसी बीच, टीचर ने कहीं दूसरी जगह शादी कर ली। छात्रा को इस बात का जब पता चला तो उसने कोचिंग जाकर इसका विरोध जताया। तभी आरोपी टीचर ने उसे कोचिंग की तीसरी मंजिल से फेंक दिया। वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरी शादी के बाद बदला रंग
मामले में मोड़ तब आया, जब आरोपी नवीन ने पिछले माह छात्रा को बताए बिना दूसरी जगह शादी रचा ली। जब छात्रा को इसकी जानकारी हुई और उसने इसका कड़ा विरोध किया। आरोपी ने उसे 9 मार्च को बातचीत के बहाने अपने घर बुलाया। वहां विवाद बढ़ने पर आरोपी उसे बातों में उलझाकर घर की तीसरी मंजिल पर ले गया और जान से मारने की नीयत से नीचे धक्का दे दिया।
होश आने पर खुला राज
स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से जख्मी छात्रा को अस्पताल पहुंचाया गया। कई दिनों तक बेहोश रहने के बाद जब छात्रा को होश आया, तब उसने परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद पिता ने थाने पहुंचकर कोचिंग संचालक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।
अहियापुर थानाध्यक्ष रोहन कुमार ने बताया कि छात्रा के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी नवीन कुमार फिलहाल घर छोड़कर फरार है। पुलिस की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।