सलमान हत्याकांड का खुलासा, पत्नी निकली कातिल, दिल्ली से गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली–देहरादून हाईवे पर कुछ महीने पहले मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड की मुख्य आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतक की पत्नी ही निकली। पुलिस ने सलमान हत्याकांड की मुख्य आरोपी उसकी पत्नी सुमायला को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला पर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था और वह लंबे समय से फरार चल रही थी। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले छपार थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे एक युवक का शव मिला था। जांच में सामने आया था कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई थी और उसके शरीर पर दो गोलियों के निशान थे। बाद में मृतक की पहचान सलमान, निवासी मेरठ के रूप में हुई थी। हत्या के बाद यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया था।
पुलिस की गहन जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच के दौरान पता चला कि सलमान की पत्नी सुमायला का किसी अन्य युवक के साथ अवैध संबंध था। सलमान इस रिश्ते का विरोध करता था और इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। सलमान का विरोध सुमायला को नागवार गुजर रहा था, जिसके चलते उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को ही रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। पुलिस के अनुसार हत्या की योजना पूरी तरह सुनियोजित थी। वारदात वाले दिन पहले सुमायला ने अपने प्रेमी से सलमान पर गोली चलवाई। गोली लगने के बाद सलमान सड़क पर गिर गया और तड़पने लगा। इसके बाद सुमायला ने खुद दूसरी गोली सलमान पर चलाई और उसकी मौके पर ही हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ भी हुई थी, जिसमें पुलिस ने हाफ एनकाउंटर किया था। हालांकि मुख्य आरोपी सुमायला लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रही थी। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और उस पर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।आखिरकार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी और सुमायला को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया है, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए सीओ सदर रविशंकर मिश्रा ने बताया कि आरोपी महिला सुमायला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति सलमान की गोली मारकर हत्या की थी। इस मामले में दो आरोपी पहले से ही जेल में बंद हैं और अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ केस का खुलासा हो गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की जांच कर रही है और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।