‘अतीक अहमद और अशरफ की तरह मुझे भी गोली मार दो: मोहम्मद के नाम पर मरना कबूल’, मौलाना ने जारी किया नया वीडियो
बरेली में आई लव मोहम्मद के समर्थन में इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के बुलावे पर शुक्रवार को जुटी भीड़ मौलाना के नदारद रहने से अराजक हो गई। बवालियों ने खलील स्कूल तिराहे के पास दुकानों व वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। नावल्टी चौराहा पर पुलिस टीम पर पथराव और श्यामगंज में फायरिंग की। डीआईजी अजय कुमार साहनी के मुताबिक, इसमें 22 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने शुक्रवार रात 10:20 बजे वीडियो जारी कर कहा है कि अतीक और अशरफ की तरह मुझे गोली मार दो, मोहम्मद के नाम पर मरना कबूल है। उन्होंने कहा कि वह अब तक नजरबंद हैं। उन्होंने मुसलमानों को मुबारकबाद पेश करते हुए घटना को साजिश करार दिया। मौलाना ने कहा कि मैं आशिकाने रसूल को मुबारकबाद पेश करता हूं। ऐसे खतरनाक समय में इश्क-ए रसूल के नाम पर आप लोग आए। हमने अमन का रास्ता इख्तियार किया था। मोहम्मद साहब के नाम को जो बार-बार अपमानित किया जा रहा है, उसके लिए सख्त कानून बनाया जाए।
‘यह मामला जितना दबाया जाएगा, उतना ही उभरेगा’
मौलाना ने कहा कि “मैं वहां जाता, नमाज पढ़ता और ज्ञापन देकर लोगों को घर भेज देता, पर हमेशा की तरह मुझे हाउस अरेस्ट कर लिया”। उनके पीछे झूठे लेटरपैड पर उनके नाम से बयान जारी कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की गई। प्रशासन मुसलमानों को रसूल का नाम लेने की इजाजत नहीं दे रहा है। यह मामला जितना दबाया जाएगा, उतना ही उभरेगा।
पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े
मैं अभी तक नजरबंद हूं, गिरफ्तारी का भी है अंदेशा
बरेली में बवाल: पथराव-फायरिंग में 22 पुलिसकर्मी घायल, 30 आरोपी हिरासत में
डीआईजी अजय कुमार साहनी के मुताबिक, इसमें 22 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। लाठीचार्ज भी किया। डीआईजी ने कहा कि शाम पांच बजे स्थति काबू में आई। पुलिस 30 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

श्यामगंज में प्रदर्शन करते लोग
मौलाना ने 19 सितंबर को किया था एलान
आई लव मोहम्मद के समर्थन में मौलाना तौकीर रजा में 19 सितंबर को एलान किया था कि शुक्रवार को वह इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान में विरोध-प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद कलक्ट्रेट जाकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित सापन डीएम को सौंपेंगे। इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने कोई अनुमति नहीं दी थी। बृहस्पतिवार रात 12 बजे अधिकारियों ने आईएमसी की ओर से जारी पत्र को सार्वजनिक किया था। इसमें कार्यक्रम स्थगित किए जाने की जानकारी दी गई थी।
शुक्रवार सुबह जारी किया वीडियो
वहीं, शुक्रवार सुबह मौलाना तौकीर ने वीडियो जारी कर रात में जारी पत्र को फर्जी बताया। दावा किया कि विरोध-प्रदर्शन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप ही होगा। उनके बुलावे पर शहर में भीड़ जुटी, पर अपराह्न साढ़े तीन बजे तक मौलाना का कोई पता न चला। तब मौलाना के समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया।
डॉक्टर की दुकान के शीशे तोड़े
नौमहला मस्जिद पर हंगामा व नारेबाजी शुरू हुई तो डीआईजी अजय साहनी व एसपी सिटी मानुष पारीक वहां पहुंचे। उनके समझाने पर भीड़ वहां से हटी तो बिहारीपुर में खलील स्कूल तिराहे के पास स्थिति बेकाबू हो गई। उग्र युवकों ने एक डॉक्टर की दुकान के शीशे और बाहर खड़ी दो बाइकें तोड़ दीं। भीड़ को हावी होता देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसके बाद शाम पांच बजे तक जगह-जगह उपद्रवियों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प होती रही।
फ्लैग मार्च करती पुलिस
पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर खदेड़ा
इससे पहले श्यामगंज में भी भीड़ बेकाबू हो गई। पथराव और फायरिंग की नौबत आई तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। नावल्टी चौराहा पर आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को खदेड़ा गया। एसएसपी ने खुद माइक संभाला। लोगों से घर जाने की अपील की। पुलिस शहर में बवाल भड़काने के लिए मौलाना व उनके सहयोगियों पर कानूनी शिकंजा कसने की रूपरेखा बना रही है।
बवाल से प्रभावित इलाके
बिहारीपुर, श्यामवंग, कुतुबखाना, इस्लामिया मार्केट, मैलानी मार्केट, कोहाड़ापौर, आलमगिरीगंज, बांस भांडी, सिविल स्वयंस, साहूकारा और पुराना बस अड्डा।
बवाल में कुछ लोगों के घायल होने की आशंका
कुछ लोगों के घायल होने की आशंका है लेकिन उनकी संख्या के बारे में कोई आधिकारिक आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं। हालांकि तस्वीरों में टूटे हुए शीशे बिखरे हुए जूते और सड़कों पर पत्थर पड़े थे।
इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान जाने पर अड़ी थी भीड़
जैसे ही भीड़ ने इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान की और मार्च करने का प्रयास किया, पुलिस ने उन्हें खलील तिराहा पर रोकने की कोशिश की। इसके कारण प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया और वाहनों और दुकानों में तोड़फोड़ की, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। हम लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।