चलती ट्रेन से गिरी महिला, बचाने के लिए बेटा भी कूदा, लेकिन फिर भी आंखों के सामने हुई मां की मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल
मेरठ: शनिवार को एक हृदयविदारक हादसा उस समय घटित हुआ, जब दिल्ली से सहारनपुर जा रही इंटरसिटी ट्रेन में सवार 53 वर्षीय महिला सुमन चलती ट्रेन से नीचे गिर गई। मां को गिरता देख उनके 28 वर्षीय बेटे करन कुमार ने भी बिना समय गंवाए चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। हादसे में सुमन की मौके पर ही मौत हो गई और जबकि करन घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। करन का इलाज कराने के बाद अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
कंकरखेड़ा थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि सुमन दिल्ली के शाहदरा की रहने वाली थीं। वह मूल रूप से खतौली की निवासी थीं। शनिवार को वह अपने बेटे करन कुमार के साथ इंटरसिटी ट्रेन से मायके खतौली जा रही थीं। ट्रेन जैसे ही मेरठ कैंट स्टेशन पार कर पोल संख्या 168 के पास पहुंची। सुमन डिब्बे के दरवाजे के पास खड़ी थीं कि अचानक संतुलन बिगड़ने से वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गई।
खून से लथपथ मां को देख करन हुआ बेसुध
बेटा करन अपनी मां के पास ही खड़ा था। यह देखकर खुद को रोक नहीं सका और मां को बचाने की कोशिश में चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। दोनों रेलवे ट्रैक के किनारे जा गिरे। करन ने जैसे-तैसे खुद को संभालते हुए मां के पास पहुंचा, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण सुमन की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। खून से लथपथ मां को देख करन भी कुछ देर के लिए बेसुध हो गया।
करन की स्थिति नाजुक
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे फाटक कर्मचारी ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची कंकरखेड़ा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और शव को मर्चरी भिजवा दिया। करन को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। उसकी स्थिति अब स्थिर है।
तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी
इंस्पेक्टर विनय कुमार ने बताया कि करन के माध्यम से उसके परिवार और खतौली स्थित रिश्तेदारों को सूचना दी गई। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रो कर बुरा हाल था। फिलहाल, परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने पंचनामा भरकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और कहा कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।