‘बेटे-बहू ने रस्सी में बांधकर कुत्ते की रोटी खिलाई’:पिता बोले- एसएसपी साहब मुझे बचा लीजिए, प्रॉपर्टी के लिए जिंदा नहीं छोड़ेंगे
बरेली में पिता बोले- एसएसपी साहब मुझे बचा लीजिए, प्रॉपर्टी के लिए जिंदा नहीं छोड़ेंगे। ‘मैं 70 साल का हूं। मेरे 6 बच्चे हैं। अपनी प्रॉपर्टी को सभी बच्चों में बराबर बांटना चाहता हूं। लेकिन, बड़ा बेटा और बहू पूरी संपत्ति अपने नाम कराना चाहते हैं। इसलिए रोज मारते-पीटते हैं। रस्सी में बांधकर रखते हैं। खाना मांगने पर डंडे से पीटते हैं। मुझे कई बार कुत्ते की जूठी रोटी तक खिला दी। विरोध करने पर लातों से मारा। अब उनके साथ नहीं रहना चाहता हूं। वे मुझे जिंदा नहीं छोड़ेंगे। उसने मुझे और अपने भाइयों को झूठे केस में फंसाने के लिए जहर खा लिया था। वो मेरी हत्या करा सकते हैं।’
ये कहना है इज्जतनगर थाना इलाके के रहपुरा चौधरी इलाके में रहने वाले मुकद्दर का। वह बरेली में शुक्रवार को अपने बेटों के साथ एसएसपी ऑफिस शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है…
1. मुकद्दर ने बताया-2019 में मेरी पत्नी की मौत हो गई है। उसके बाद से बेटे अलग हो गए। वे अलग-अलग मकान में रहने चले गए। मैं 6-6 महीने अपने बेटों के साथ रहता हूं। मैं जुलाई में अपने बड़े बेटे शाकिर बेग और बहू रिहाना के साथ उसके घर रहने चला गया था। शाकिर ट्रक चलाता है। कुछ दिन तो सब ठीक रहा, लेकिन बाद में वे मुझसे पैसे की डिमांड करने लगे। उन्होंने 6 बीघा जमीन बिकवा दी।
2. उन्होंने कहा- इसके बाद भी पैसे की डिमांड खत्म नहीं हुई। उसने मुझसे डेढ़ सौ गज में बना पुस्तैनी मकान अपने नाम कराने के लिए कहा। उसकी कीमत करीब 25 लाख है।
3. मैंने मना कर दिया। इसके बाद से वे मुझे तरह-तरह से टॉर्चर करने लगे। मेरे घर से बाहर निकलने पर रोक लगा दी। बहू और बेटे मुझे रस्सी से बांधकर रखते हैं।
4. मुकद्दर ने बताया- खाना मांगने पर गाली देते हैं। कई-कई दिनों घंटों भूखा रखते हैं। कई बार कुत्ते की जूठी रोटी खिला चुके हैं। वे मेरे साथ बहुत बुरा सलूक करते हैं। मैं उनके साथ नहीं रहना चाहता हूं। मैंने भागकर अपनी जान बचाई। वे मुझे जिंदा नहीं छोड़ेंगे।
‘मां को पैर से मारा था, उसकी मौत हो गई; अब मेरी जान के पीछे पड़ा’
मुकद्दर ने बताया- बड़े बेटे शाकिर ने छह साल पहले पैसे के लिए अपनी मां हमीदन के साथ भी मारपीट की थी। उसके सीने पर लात मारी थी। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। अब वही बेटा मेरी जान लेने के लिए पीछे पड़ा है। हत्या की धमकी देता है। डर के कारण मुझे छोटे बेटे के घर में छिपकर रहना पड़ रहा है। अगर मेरे साथ कोई अनहोनी हुई तो इसके लिए शाकिर जिम्मेदार होगा।
8 दिसंबर को मेरी हत्या का प्रयास किया
मुकद्दर ने बताया- 8 दिसंबर को शाकिर, उसकी पत्नी रिहाना, बेटी लइवा मेरे घर पहुंचे। मैं अपने छोटे बेटे शारिक के साथ रह रहा था। शाकिर ने अंदर घुसते मेरी गर्दन पर पैर रख दिया। जान से मारने की कोशिश की। छोटे बेटे शारिक ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी पीट दिया। धमकी दी कि जमीन उसके नाम नहीं हुई तो ऐसा कांड करेगा कि पूरा जिला हिल जाएगा और सारे बेटे झूठे मुकदमों में फंस जाएंगे।
अपने भाइयों पर झूठे मुकदमे दर्ज करा चुका है
छोटे भाई शारिक के मुताबिक, शाकिर बेग अपराधी किस्म का व्यक्ति है। अक्सर लोगों को परेशान करता रहता है। उसके खिलाफ कई शिकायतें दर्ज हैं। उसने कुछ समय पहले अपने छोटे भाई पर पत्नी और बेटी से छेड़छाड़ का फर्जी केस दर्ज कराया था। किसी तरह से बेटा उस केस से बरी हो पाया।
पुलिस बोलीं- जांच रिपोर्ट आने पर होगी कार्रवाई
सीओ पंकज श्रीवास्तव ने बताया- इज्जतनगर के रहपुरा चौधरी के रहने वाले एक बुजुर्ग, एसएसपी ऑफिस आए थे। उन्होंने अपने बड़े बेटे पर आरोप लगाया कि वो उनके साथ मारपीट करता है। उन्हें खाने को भी नहीं देता है। उन्होंने बेटे के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएगा। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।