सपा ने सोशल मीडिया एकाउंट से की ब्रजेश पाठक पर आपत्तिजनक टिप्पणी, हजरतगंज थाने पर एफआईआर दर्ज
समाजवादी पार्टी मीडिया सेल के एक्स एकाउंट पर शनिवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए लिखा गया कि बात-बात पर सपा के डीएन पर बयानबाजी करने वाले ब्रजेश पाठक अपना डीएनए अवश्य चेक करवाएं और उसकी रिपोर्ट सोशल मीडिया पर जरूर डालें, जिससे उनका असली डीएनए तो पता चले। उसके बाद जो लिखा गया, वो इतना अमर्यादित था कि उसका जिक्र भी करना यहां मुनासिब नहीं। इस पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव को टैग करते हुए एक्स पर लिखा- ””अखिलेशजी, ये आपकी पार्टी की भाषा है? ये आपकी पार्टी का आफिशियल हैंडल है। लोकतंत्र में सहमति-असहमति, आरोप-प्रत्यारोप सब चलते आए हैं और चलते रहेंगे, पर आप अपनी पार्टी को इस स्तर पर ले आएंगे? क्या आदरणीय डिंपलजी इस स्त्री विरोधी और पतित मानसिकता को स्वीकार करेंगी?
उसके बाद सपा के एक्स एकाउंट से उस पोस्ट को धमकी भरे अंदाज में यह कहते हुए हटा लिया गया कि हम तो ट्वीट डिलीट कर दे रहे हैं, लेकिन आप आइंदा से डीएनए की भाषा का इस्तेमाल करने से पहले सोचिएगा कि जब आप किसी कांच के ऊपर पत्थर मारते हैं, तो पलटकर टुकड़े अपनी ओर भी आते हैं।