लखनऊ में फॉर्च्यूनर की सर्विस कराने आए सपा नेता ने सुपरवाइजर पर तानी पिस्टल, लात-घूंसों से की पिटाई, वीडियो वायरल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चिनहट थाना क्षेत्र में एक हैरतअंगेज घटना सामने आई है। सुलतानपुर जिले के समाजवादी पार्टी के नेता शहाबुद्दीन उर्फ इरफान और उनके भाई शावेज़ उर्फ खुर्रम ने अपनी फॉर्च्यूनर की सर्विस को लेकर हुए विवाद में एक वर्कशॉप सुपरवाइजर पर पिस्टल तान दी।
गाली-गलौज करते हुए सुपरवाइजर को लात-घूंसों और पिस्टल के बट से पीटा।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना चिनहट थाना क्षेत्र में एक टोयटा वर्कशॉप में हुई। सुलतानपुर के सपा नेता शहाबुद्दीन उर्फ इरफान और उनके भाई शावेज़ उर्फ खुर्रम अपनी फॉर्च्यूनर की सर्विस कराने पहुंचे थे।इसी दौरान उनकी वर्कशॉप सुपरवाइजर से मामूली कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि शहाबुद्दीन ने सुपरवाइजर पर पिस्टल तान दी। जाते-जाते धमकी भी दी कि एक हफ्ते के भीतर गोली मार दूंगा।
पिस्टल तानने के बाद दोनों भाइयों ने सुपरवाइजर प्रमोद विश्वकर्मा पर पिस्टल की बट से हमला कर उसे घायल कर दिया। इस घटना से वर्कशॉप में अफरा-तफरी मच गई।किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। शहाबुद्दीन माफिया मुख्तार अंसारी और माफिया अतीक अहमद का करीबी बताया जाता है
वीडियो वायरल होने के बाद चिनहट पुलिस हरकत में आई और तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और उन्हें सुलतानपुर में उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के बाद आरोपी की सपा मुखिया अखिलेश यादव के साथ एक तस्वीर भी सामने आई है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।