धनंजय सिंह पर एफआईआर कराने वाले के घर पहुंचे संदिग्ध CCTV: पीड़ित ने कहा- गेट पर मारी लात
लखनऊ में पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर फिर दर्ज कराने वाले के घर शुक्रवार रात 7 संदिग्ध पहुंचे। इस पर उन्होंने डायल-112 पर फोन किया और सुशांत गोल्फ सिटी थाने में लिखित शिकायत दी।
उन्होंने कहा- वे लोग भारी-भारी बैग लेकर आए थे। गेट पर अचानक तेज आवाज हुई। ऐसा लगा किसी ने गेट पर पत्थर या लात मारी है। सीसीटीवी में देखा तो कुछ लोग घर के बाहर थे। तुरंत बाहर निकला और आवाज लगाई। इस पर बाहर खड़े लोगों में से एक ने बोला- मारो। हमला करने की बजाय वह भाग गए। मैंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
कौशल किशोर तिवारी का कहना है कि उनके बैग में जान से मारने की चीजें हो सकती हैं। पिछले दिनों हुए विवाद के बाद विपक्षी (ब्लॉक प्रमुख का पति, पूर्व सांसद) लोग मेरी हत्या करा सकते हैं। लोगों के घर के पास आने की सीसीटीवी फुटेज भी है।
स्वस्तिका सिटी निवासी कौशल किशोर तिवारी ने बताया कि 2 जनवरी की रात करीब 10 बजकर 22 मिनट पर एक महिला और छह पुरुष उनके घर के मुख्य गेट पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज में सभी साफ दिखाई दे रहे हैं। अचानक गेट पर लोगों की मौजूदगी देख कौशल तिवारी ने अंदर से आवाज लगाई, तो बाहर खड़े लोग गाली-गलौज करते हुए मौके से भाग निकले।
घटना के बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो संदिग्धों के चेहरे कैमरे में स्पष्ट नजर आए। इससे आशंका जताई जा रही है कि यह सिर्फ डराने की कोशिश नहीं, बल्कि किसी बड़ी साजिश का हिस्सा भी हो सकता है।