PCS की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत, गर्ल्स हॉस्टल में मिला शव, हॉस्टल मालिक और युवक फरार
प्रयागराज में PCS की तैयारी कर रही 25 वर्षीय छात्रा रिया पांडेय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। रिया का शव कैंट थाना क्षेत्र स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल से बेली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव अस्पताल में छोड़कर आए दोनों युवक मौके से फरार हो गए।
मृतका रिया पांडेय प्रतापगढ़ जनपद के अंतमऊ मानिकपुर निवासी सुशील कुमार पांडेय की बेटी थी। रिया पिछले चार वर्षों से प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वह दो महीने पहले ही राजापुर स्थित गर्ल्स हॉस्टल में शिफ्ट हुई थी। इससे पहले वह किराये के मकान में रहती थी।
गर्ल्स हॉस्टल में कैसे पहुंचे युवक?
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि जिस हॉस्टल में लड़कों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक थी, वहां आधी रात को दो युवक कैसे पहुंचे। जानकारी के मुताबिक, रिया को अस्पताल ले जाने वाले दो युवकों में से एक को उसका कथित बॉयफ्रेंड और दूसरे को उसका दोस्त बताया जा रहा है।
पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की कड़ी से कड़ी जोड़ने के लिए रिया के लॉक मोबाइल फोन को खोलने का प्रयास कर रही है। कॉल डिटेल, चैट और लोकेशन के आधार पर घटना की सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।
हॉस्टल मालिक और युवक गायब
घटना के बाद से हॉस्टल मालिक और रिया को अस्पताल ले जाने वाला युवक दोनों ही लापता बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। परिजनों ने इस पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
निजी लाइब्रेरी संचालक पर शक
बताया जा रहा है कि जिस युवक ने रिया को अस्पताल पहुंचाया, वह हॉस्टल से करीब 300 मीटर दूर एक निजी लाइब्रेरी संचालित करता है, जहां रिया पढ़ाई के लिए जाया करती थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों के बीच संपर्क कैसे हुआ और 19 जनवरी की रात आखिर क्या हुआ।
पिता बोले— रात 9 बजे हुई थी आखिरी बात
रिया के पिता सुशील कुमार पांडेय ने बताया कि सोमवार रात करीब 9 बजे उनकी बेटी से आखिरी बार बात हुई थी। उस दौरान रिया ने किसी भी तरह की परेशानी या तनाव की बात नहीं बताई। रात करीब 2 बजे परिवार को सूचना मिली कि रिया को बेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह जानकारी उन्हें उनके बेटे ने दी, जो रायपुर (छत्तीसगढ़) में रहता है। पिता का आरोप है कि जिस कमरे में रिया रहती थी, वहां पंखे पर फांसी लगाने के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। साथ ही, रिया को अस्पताल ले जाने वाले युवक ने पुलिस को घटना की कोई सूचना नहीं दी।
परिजनों ने जताया संदेह
मृतका के रिश्तेदार अश्वनी कुमार ने आरोप लगाया कि नियमों के बावजूद राहुल नाम का युवक आधी रात में हॉस्टल के अंदर गया, रिया को फंदे से उतारकर अस्पताल ले गया और फिर शव छोड़कर फरार हो गया। परिजनों का कहना है कि राहुल राजापुर चौकी के पास स्थित यूनिक लाइब्रेरी का संचालक है, जहां रिया पढ़ाई करती थी।
पुलिस का बयान
कैंट थाना प्रभारी सुनील कुमार कनौजिया ने बताया कि बेली अस्पताल में शव पड़े होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। “प्रारंभिक जांच में छात्रा के फंदे से लटके होने की बात सामने आई है। छात्रा को हॉस्टल से अस्पताल ले जाने वाले युवक और हॉस्टल मालिक की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।”