टेलर बना नशीले पदार्थों का तस्कर, साथी समेत गिरफ्तार
बरेली। बारादरी पुलिस ने दो तस्करों को 60 लाख रुपये के मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। जबकि, तीन फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहल्ला गढ़ी कस्बा शीशगढ़ निवासी साजिद और ग्राम जोखनपुर बहेड़ी के रेहान के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से 900 ग्राम अफीम, 200 ग्राम स्मैक और साढ़े तीन किलो कट पावर पाउडर बरामद किया है। इसकी कीमत अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में करीब 60 लाख रुपये होगी।बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि रविवार की देर रात पुलिस टीम गश्त कर रही थी। टीम पुराना रेलवे ग्राउंड पर पहुंची। वहां पर आरोपी स्मैक की सौदेबाजी कर रहे थे। जो पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने मौके से साजिद और रेहान को गिरफ्तार कर लिया। साजिद पर दो और रेहान पर तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से अर्सिया बोझ चौकी फरीदपुर निवासी नन्हें, रोहित उर्फ शोएब और भोजीपुरा निवासी आरिफ फरार हो गए।
पुलिस तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। आरोपियों से मादक पदार्थ समेत दो बाइकें और पांच मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। दोनों आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी साजिद ने बताया कि वह शुरू में मोहल्ले में ही टेलर का काम करता था, लेकिन उसका इससे खर्च नहीं चल पा रहा था। उसके बाद उसकी शादी नगमा निवासी ग्राम अर्सिया बोझ बहेड़ी से हुई। शादी के बाद ससुराल आने-जाने के दौरान इसकी पहचान नन्हे से हुई। जो पूर्व से तस्करी का काम कर रहा है। उसने इसके साथ मिलकर स्मैक के धन्धे के लिए तैयार किया और फिर दोनों मिलकर अफीम झारखंड से और स्मैक समेत कट पावर पाउडर मणिपुर से लाकर बेचना शुरू कर दिया।
फाइक एन्क्लेव में आरोपी ने बनाया मकान
साजिद ने बताया कि स्मैक के धंधे में उसे अच्छा मुनाफा मिलने लगा। इन्हीं रुपयों से उसने फाइक इन्कलेव फेस-दो में 60 गज जमीन खरीदकर तीन मंजिला मकान बनाया। फिर यहीं पर रहने लगा। पत्नी और तीन बच्चे गांव में मां बाप के साथ रहते हैं। इससे पहले भी वह पीलीभीत से स्मैक तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है। बरेली में रहने के दौरान उसने परिजनों से कह दिया था कि वह दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। रेहान हल्द्वानी जनपद नैनीताल का रहने वाला है। साजिद की रेहान से जेल में मुलाकात हुई थी। जेल से जमानत पर बाहर आने पर दोनों स्मैक तस्करी करने लगे। इस पूरे गिरोह का मास्टर माइंड नन्हे और उसका बेटा रोहित उर्फ शोएब है। वहीं, तीसरा फरार आरोपी आरिफ गिरोह का पैडलर है। वह माल ले जाकर पंजाब हरियाणा, दिल्ली समेत उत्तराखंड में सप्लाई करता है।\एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के कब्जे से 60 लाख रुपये का मादक पदार्थ बरामद हुआ है। फरार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।