मातम में बदली घर की रौनक: फंदे से लटकी मिली शिक्षिका, पसरा सन्नाटा,निकट था विवाह,पुलिस जांच में जुटी
शाहजहाँपुर। सदर बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम चिनौर में शुक्रवार सुबह एक मार्मिक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। 25 वर्षीय शिक्षिका संभवी शुक्ला का शव उनके कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतका उमेश शुक्ला की पुत्री थीं और परिवार में उनके विवाह की तैयारियां चल रही थीं।
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात संभवी अपने कमरे में सोने चली गई थीं। सुबह काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर उनकी मां सरोजनी ने आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब कमरे के भीतर देखा गया तो संभवी फंदे से लटकी मिलीं। यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतका का मोबाइल फोन भी जांच के लिए जब्त किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। अचानक घटी इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक और स्तब्धता का वातावरण व्याप्त है।