नौकरानी ने परिवार को घर में किया बंद: लाखों के गहने-नकदी लेकर फरार, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में दून हाईवे स्थित लोटस टावर में एक नौकरानी परिवार को घर में बंद कर लाखों रुपये के गहने और नकदी चुराकर फरार हो गई। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
लोटस टावर निवासी नीतू सिंह ने 2 जनवरी को पल्लवपुरम थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया है। उनके पति पीयूष राणा प्रॉपर्टी और स्क्रैप का कारोबार करते हैं। नीतू सिंह ने बताया कि सरोज रज्जक नामक व्यक्ति ने 18 नवंबर को 19 वर्षीय रेशमी ओरोन नामक युवती को घर के काम के लिए भेजा था। रेशमी पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले की रहने वाली है और उसके आधार कार्ड पर भी यही नाम-पता दर्ज था।
नीतू सिंह के अनुसार, जब वह किसी काम से बाहर गई थीं, तब रेशमी ने घर की अलमारी में रखे 70 हजार रुपये और कुछ सोने के गहने चुराकर कहीं छिपा दिए थे।
30 दिसंबर की देर रात, जब नीतू और उनके परिवार के अन्य सदस्य घर में सो रहे थे, तभी रेशमी ओरोन ने बाहर से घर का ताला लगा दिया और सभी को अंदर बंद कर दिया। इसके बाद वह चाबी दरवाजे में ही छोड़कर फरार हो गई।
अगली सुबह परिवार ने देखा कि रेशमी वहां नहीं थी और दरवाजा बाहर से बंद था। शोर मचाने पर गार्ड और कॉलोनी के लोग इकट्ठा हुए। दरवाजे में लगी चाबी से दरवाजा खोला गया। घर की अलमारी चेक करने पर उसमें रखे 70 हजार रुपये नकद और करीब साढ़े चार लाख रुपये कीमत का सोने का कंगन गायब मिला।
टावर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर रेशमी घर से बाहर जाते हुए कैद हो गई। सूचना मिलने पर पल्लवपुरम पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर रमेश चंद्र शर्मा ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपित नौकरानी को पकड़ा जाएगा। दिल्ली में जिस एजेंसी के द्वारा उसे भेजा गया था, वहां भी उसके खिलाफ मामला दर्ज है।