निक्की हत्याकांड में बड़ा खुलासा, अफेयर का राजफाश, पिछले साल लिखी कत्ल की पटकथा, इसलिए क्रूर हो गया था विपिन

ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना इलाके की निक्की भाटी की हत्या कर रास्ते से हटाने की पटकथा जून-2024 में लिख दी गई थी। दनकौर से पति विपिन को प्रेमिका के साथ पकड़कर सिरसा गांव में परिवार को सौंपा गया था। इसे लेकर परिवार और रिश्तेदारों ने विपिन को खरी-खोटी सुनाई थी। पिता भिखारी सिंह का आरोप है कि पोल खुलने के बाद से ही विपिन ने निक्की से क्रूरता का व्यवहार शुरू कर दिया था। जब निक्की व कंचन को विपिन के प्रेम-प्रसंग की जानकारी हुई तो उन्होंने इस संबंध में पूछा था। इस पर विपिन आगबबूला हो गया था।
दनकौर में प्रेमिका से मिलता था विपिन
इसके बाद निक्की और कंचन प्रेम-प्रसंग के मामले को लेकर जानकारी जुटाने लगीं। इस दौरान जारचा कोतवाली इलाके के एक गांव निवासी प्रेमिका के बारे में पता चला। दोनों ने दनकौर में मिलने का स्थान बना रखा था। निक्की ने ही पिता व परिजनों को दनकौर के बारे में जानकारी दी थी।
जून-2024 में विपिन के प्रेमिका के साथ पकड़ा
इसके बाद निक्की भाइयों के साथ विपिन को पकड़ने की फिराक में थी। जून-2024 में जब विपिन प्रेमिका से मिलने दनकौर के लिए निकला तो पीछा करना शुरू कर दिया। जब वह मकान में घुसा तो उन्होंने दोनों को पकड़ लिया।
विपिन और प्रेमिका को परिवार के सामने लेकर गए
इसके बाद विपिन व प्रेमिका को पकड़कर गाड़ी में बैठाया गया। परिजन उन्हें सिरसा गांव में पिता व परिवार के सामने लेकर पहुंचे। परिवार के अन्य लोग एवं रिश्तेदारों को भी बुलाया गया। विपिन को चरित्रहीनता से बाज आने की हिदायत दी गई। उसके बाद प्रेमिका को छोड़ा गया।
निक्की के साथ क्रूर हो गया था बर्ताव
इससे नाराज विपिन ने निक्की को प्रेम प्रसंग में बाधा मानते हुए उसे हटाने की पटकथा लिखनी शुरू कर दी। निक्की के साथ बर्ताव क्रूर हो गया। बात-बात पर गाली-गलौज व प्रताड़ित किया जाने लगा।इससे निक्की परेशान रहने लगी और परिजनों को बताया।
इस बात पर आगबबूला हो गई थी सास
पिता समाज के लोगों को साथ लेकर सिरसा गांव में पहुंचे और विपिन व उसके परिजनों को समझाया। तब निक्की ने परिजनों के सामने कहा कि वह एक बच्चे के सहारे ही समय काट लेगी इसलिए आप एक कोने में जगह दे दीजिए लेकिन सास आगबबूला हो गई थी।
सांत्वना देने के लिए रुपवास गांव में लगा तांता
रूपवास गांव में निक्की के परिवार को सांत्वना देने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री नवाब सिंह नगर, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष फकीर चंद नागर, सपा नेत्री सुनीता यादव, यतेंद्र कसाना, किसान नेता राजकुमार सिंह, डॉ सुभाष प्रेमी, दीपक नागर, मलखान सिंह, सुभाष नागर समेत राजनैतिक, सामाजिक एवं संगठनों के लोग आए और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी।
आरोप, 35 लाख दहेज की थी मांग, निक्की को जला डाला
ग्रेटर नोएडा के दादरी के रूपवास गांव की निक्की की 27 दिसंबर, 2016 में सिरसा गांव के विपिन से शादी हुई थी। निक्की की बड़ी बहन कंचन की शादी विपिन के भाई से हुई है। पिता भिकारी सिंह का आरोप है कि ससुराल वाले 35 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर निक्की को परेशान करते थे। बृहस्पतिवार शाम विपिन ने मां दया के साथ मिलकर निक्की को जिंदा जला दिया था। गंभीर रूप से झुलसने पर महिला की बहन उसे पड़ोसियों की मदद से अस्पताल ले गई, दो अस्पताल बदले, लेकिन इलाज के दौरान निक्की ने दम तोड़ दिया।
निक्की हत्याकांड के आरोपी ससुर और जेठ भी गिरफ्तार
निक्की भाटी दहेज हत्याकांड में आरोपी ससुर सतवीर (55) और जेठ रोहित भाटी (30) को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद से ही दोनों फरार थे। पुलिस ने सास दया, ससुर और जेठ को सूरजपुर स्थित कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी पति विपिन भाटी पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
पति विपिन ने कहा, कोई पछतावा नहीं
मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद घायल हुए आरोपी पति विपिन भाटी ने डाढ़ा अस्पताल में कहा कि उसे पत्नी की मौत का कोई पछतावा नहीं है। उसने कहा, मैंने उसे नहीं मारा है। वह खुद मर गई। पति-पत्नी में अक्सर झगड़े होते रहते हैं, यह बहुत आम बात है।