प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालात में पकड़ी जाने पर अपने सगे भाई की हत्या,कातिल बहन प्रेमी के साथ गिरफ्तार
एटा। प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालात में पकड़ी जाने पर अपने सगे भाई की हत्या करने वाली किशोरी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में दोनों ने यह खुलासा किया है, कि पकड़े जाने का भेद न खुल जाए, इसलिए दोनों ने मिलकर 12 साल के भाई को मार डाला था। हत्यारोपी बहन भी नाबालिग है। फिलहाल, पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना एटा जिले के जलेसर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, एटा जिले के जलेसर थाना क्षेत्र में 26 अगस्त को 12 साल के एक किशोर की गला दवाकर हत्या कर दी गई थी। यह हत्या तब की गई, जब किशोर अपनी बड़ी बहन के साथ सो रहा था। पुलिस को शुरू से ही इस मामले में साथ सोने वाली बड़ी बहन की भूमिका संदिग्ध लग रही थी।
पुलिस ने जब मृतक की बड़ी बहन को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की गई तो हैरान करने वाली कहानी सामने आई। जलेसर कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की नाबालिग बहन जिसकी उम्र अभी 14 वर्ष है, उसका संबंध गांव के ही युवक से हो गया था। रात में मृतक ने अपनी बहन और युवक को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। लिहाजा, इन दोनों को इस बात का डर था, कि दोनों के बीच संबंध का भेद न खुल जाए। इसी डर से परेशान होकर पहले तो दोनों से उसे समझाया लेकिन फिर भी विश्वास नहीं हुआ, तो दोनों ने उसकी हत्या कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की बहन और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद प्रेमी को जेल और आरोपी लड़की को बाल सुधार गृह भेज दिया है। इस घटना के खुलासे के बाद स्थानीय लोग हतप्रभ हैं।