भरभराकर गिरी दीवार, 7 लोग मलबे में दबे: 2 की मौत, गांव वालों ने फावड़े से मिट्टी हटाकर निकाला
आगरा में एक निर्माणाधीन मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे में अलाव ताप रहे 7 लोग दब गए। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। अफरा-तफरी के बीच आसपास के 50 से ज्यादा लोग भागकर आए और फावड़े से ईंट और मिट्टी हटाना शुरू किया।
करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। यहां दो गंभीर घायलों को आगरा रेफर कर दिया गया, जहां उनकी मौत हो गई। 5 का इलाज अब भी जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बटेश्वर चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना बटेश्वर थाना क्षेत्र के विजकौली गांव की है।
1. विजकौली गांव में रहने वाले जोर सिंह प्रजापति के मकान में बेसमेंट का काम चल रहा था। बेसमेंट की दीवार हाल ही में बनाई गई थी। मकान मालिक ने पानी से तराई ज्यादा कर दी। बेसमेंट की दीवार के पास जमीन तक पानी भर गया। धूप न निकलने की वजह से दीवार सूख नहीं पाई और अचानक गिर गई।
2. इस दौरान दीवार के दूसरी ओर कुछ लोग अलाव ताप रहे थे, जो मलबे के नीचे दब गए। दीवार गिरते ही चीख पुकार मच गई। मौके पर लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने फावड़े से मलबा हटाना शुरू किया और सातों लोगों को बाहर निकाला।
3. गांव वाले हीरालाल (65), रामेंद्र (58), सुनील (38), भूरेलाल (48), कल्लू (32), योगेश (45) और उत्तम (45) को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्रारंभिक इलाज के बाद हीरालाल और योगेश को आगरा रेफर किया गया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। डीसीपी ईस्ट ने बताया कि बेसमेंट निर्माण के दौरान दीवार गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मलबे में दबे सभी घायलों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।