प्रतापगढ़ के बड़का जिला में दबंगई पर नही लग पा रहा अंकुश:जमीन पैमाइश करने गई राजस्व टीम पर हमला, दबंगों ने ईंट-पत्थर से दौड़ाया
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में जमीन की पैमाइश करने गई राजस्व टीम पर हमला किया गया। यह घटना पट्टी तहसील के बेलखरनाथ धाम विकास खंड के कांधरपुर गांव में हुई, जहां दबंगों ने टीम के साथ अभद्रता की और उन पर ईंट-पत्थर से हमला कर उन्हें दौड़ाया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जबकि सुरक्षा के दृष्टिगत मौजूद उपनिरीक्षक कमलेश कुमार घटना के दौरान फोन पर बात करते हुए नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शारदा प्रसाद पाण्डेय की शिकायत पर राजस्व विभाग की टीम में लेखपाल शंकर पटेल पुलिस बल के साथ पहुंचे थे। पैमाइश शुरू होते ही विपक्षी पक्ष के लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया, जिसके बाद स्थिति हिंसक हो गई।
दबंगों के आक्रामक रुख को देखते हुए राजस्व कर्मियों ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद राजस्व टीम ने तत्काल उच्चाधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने भविष्य में पुलिस सुरक्षा के साथ जमीन की पैमाइश कराए जाने की मांग की है।
लेखपाल शंकर पटेल ने बताया कि इस मामले की जानकारी उप जिलाधिकारी (एसडीएम) को दे दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि यह वारदात पुलिस की मौजूदगी में हुई। एसडीएम ने घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उप जिलाधिकारी पूर्णेंदु मिश्रा ने बताया कि उन्हें वायरल वीडियो के माध्यम से इस घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की गहन जांच कराई जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि प्रशासनिक कार्यों में इस तरह की दबंगई जारी रही, तो कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होंगे।