प्रतापगढ़ में किन्नर गुटों के बीच हिंसक झड़प और लूटपाट: जेल रोड तिराहे के पास चार किन्नरों का अपहरण का आरोप
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में किन्नर गुटों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। शहर के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र स्थित जेल रोड तिराहे के पास एक गुट ने दूसरे गुट पर हमला कर लूटपाट की और चार किन्नरों को जबरन अगवा करने का आरोप है।
पीड़ित पक्ष की मिस्बा किन्नर ने कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गुरुवार सुबह करीब 11:00 बजे जब वह अपनी टीम के साथ घर से निकली थी तभी जेल रोड तिराहे के पास नहर के नजदीक विपक्षी गुट की रंजीता अंजलि किन्नर, नीतू, मैना,परी और शिव कुमार वर्मा ने लगभग 20 अज्ञात लोगों के साथ उन्हें घेर लिया।
शिकायत के अनुसार, हमलावर चार पहिया वाहनों में आए थे और उनके पास लाठी डंडे, लोहे की रोड तथा अवैध हथियार थे। उन्होंने मिस्बा और उनके साथियों के साथ गाली गलौज करते हुए हमला किया। इस दौरान हमलावरों ने मिस्बा की सोने की चेन, कान के बाली और लगभग ₹10000 नगद लूट लिए।
शिकायत पत्र में बताया गया है कि इस हमले में मोहिनी,करिश्मा जोया और निशा किन्नर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। आरोप है कि विपक्षी गुट ने सोनिया, जैकलीन निम्मी और नैंसी किन्नर को जबरन अपनी गाड़ी में डालकर अगवा कर लिया। जाते समय हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सार्वजनिक स्थान पर हुई इस हिंसक वारदात और अपहरण की खबर से इलाके में तनाव का माहौल है। पीड़ित पक्ष में थाने में तहरीर देकर अपनी जान माल की सुरक्षा और आप हाथ साथियों की बरामदगी की मांग की है।