योगी सरकार का गन्ना किसानों को बड़ा तोहफा, दाम में बंपर बढ़ोतरी, जानिए कितना बढ़ा
योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों को बड़ा उपहार दिया है. मुख्यमंत्री के निर्णय से अगैती गन्ने का मूल्य ₹400 और सामान्य प्रजाति का ₹390 प्रति क्विंटल हो गया है. ₹30 प्रति क्विंटल की इस बढ़ोतरी से किसानों को लगभग ₹3000 करोड़ का अतिरिक्त लाभ मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी
गन्ने का नया रेट तय
अब अगैती प्रजाति के गन्ने का मूल्य ₹370 से बढ़ाकर ₹400 प्रति क्विंटल, जबकि सामान्य प्रजाति का मूल्य ₹360 से बढ़ाकर ₹390 प्रति क्विंटल कर दिया गया है। इस निर्णय से प्रदेश के करीब 45 लाख गन्ना उत्पादक परिवारों को सीधा फायदा होगा।
कैबिनेट ने दी मंजूरी
मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक के बाद चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने बताया कि सरकार का लक्ष्य किसानों की आय में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा — “पिछले सात वर्षों में योगी सरकार ने गन्ने के दाम में कुल ₹85 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है, जो किसी भी पिछली सरकार से कहीं अधिक है।”
किसानों को मिलेगा बेहतर मुनाफा
राज्य में लगभग 29 लाख हेक्टेयर भूमि पर गन्ने की खेती होती है। यह प्रदेश की सबसे प्रमुख नकदी फसल मानी जाती है। नई दरों के बाद अगैती किस्म के किसानों को शुरुआती पेराई में अधिक लाभ मिलेगा, जबकि सामान्य प्रजाति की बढ़ी हुई कीमत उत्पादन लागत को पूरा करने में मदद करेगी।
परिवहन कटौती पर भी राहत
मंत्री ने स्पष्ट किया कि मिल गेट पर परिवहन कटौती सीमा को 45 रुपये प्रति क्विंटल तक बढ़ाया गया है, लेकिन अधिकतम 9 रुपये प्रति क्विंटल ही काटे जाएंगे। वर्तमान सत्र में 86% गन्ना भुगतान पहले ही पूरा हो चुका है और प्रदेश की 120 चीनी मिलें सक्रिय रूप से कार्यरत हैं।
गन्ना उद्योग से लाखों लोगों की आजीविका
उत्तर प्रदेश में करीब 42 लाख परिवार और 45 लाख श्रमिक गन्ने की खेती से जुड़े हैं। पिछले छह वर्षों में राज्य सरकार ने ₹2.2 लाख करोड़ से अधिक के लंबित बकायों का निपटारा किया है। इससे किसानों और मिल मालिकों के बीच भरोसे का माहौल बना है।चीनी उद्योग विभाग का लक्ष्य है कि 2025–26 तक राज्य का कुल गन्ना उत्पादन मूल्य ₹1,41,846 करोड़ तक पहुंचाया जाए। इसके साथ ही चीनी रिकवरी दर को 9.56% से बढ़ाकर 10.50% करने की योजना भी बनाई गई है।