अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पोस्टर फूंके: 500% टैरिफ के विरोध में व्यापारी सड़कों पर उतरे, अमेरिकी सामान के बहिष्कार का ऐलान
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत सहित कई देशों पर 500 प्रतिशत टैरिफ लगाने के प्रस्ताव के विरोध में मंगलवार को कानपुर में व्यापारियों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया।
मार्बल मार्केट, किदवई नगर में भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नेतृत्व में व्यापारियों ने प्रदर्शन करते हुए ट्रंप और टैरिफ प्रस्ताव के पोस्टर फूंके तथा देशवासियों से अमेरिकी कंपनियों के सामान के बहिष्कार की अपील की।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने “डोनाल्ड ट्रंप होश में आओ, 500 प्रतिशत टैरिफ का प्रस्ताव वापस लो” और “डोनाल्ड ट्रंप मुर्दाबाद” के नारे लगाए। व्यापारियों का कहना था कि यह प्रस्ताव भारत के साथ-साथ अन्य मित्र देशों के व्यापारिक हितों पर सीधा हमला है।
14 जनवरी को होगी विशाल व्यापारी पंचायत
भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने बताया कि 14 जनवरी को कानपुर दक्षिण क्षेत्र में एक विशाल व्यापारी पंचायत का आयोजन किया जाएगा। इसी पंचायत से देशभर में अमेरिकी सामानों के बहिष्कार के संकल्प और शपथ अभियान की औपचारिक शुरुआत होगी।
पहले भी लगाया जा चुका है टैरिफ
ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि अमेरिका पहले भी भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाकर व्यापारिक विश्वास को ठेस पहुंचा चुका है। अब रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत, ब्राजील, चीन समेत कई देशों पर 500 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव पूरी तरह अनुचित है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर स्वदेशी अपनाने का संदेश दुकानों के बाहर बोर्ड लगाकर दिया जाएगा और अमेरिकी उत्पादों के बहिष्कार से अमेरिका को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जाएगा।
व्यापारी देश और सरकार के साथ
प्रदेश मंत्री रोशन गुप्ता ने कहा कि व्यापारी देश और सरकार के साथ खड़े हैं। अमेरिकी सामानों का बहिष्कार कर इस टैरिफ प्रस्ताव का करारा जवाब दिया जाएगा। प्रदर्शन में दक्षिण व्यापार मंडल अध्यक्ष कमल उत्तम, युवा संगठन महामंत्री अरविंद गुप्ता, युवा वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुज त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।