प्रतापगढ़ गैस रिसाव की घटना में तीन मासूमों की हुई मौत, घर मचा कोहराम
प्रतापगढ़। उदयपुर थाना क्षेत्र के भंवरी सराय गांव में एक सप्ताह पहले गैस सिलेंडर में रिसाव से लगी आग के की वजह से गंभीर रूप से झुलसे तीन बच्चों की इलाज के दौरान मंगलवार की रात मौत हो गयी।अग्निकाण्ड में झुलसे परिवार के आठ लोगों में से मुखिया अशोक की पहले ही मौत हो चुकी है। वहीं अभी भी चार अन्य घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।बच्चों की मौत की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मचा है।
बता दें कि उदयपुर थाना क्षेत्र के भंवरी सराय गांव में बीती पन्द्रह अप्रैल की रात कमरे में रखे गैस सिलेंडर में रिसाव होने से आग लग गयी थी।कमरे में गैस फैल जाने और अचानक लगी आग से हुए धमाके से दीवारें भी ढ़ह गयी थी।आग की चपेट में आने से परिवार के मुखिया 40 वर्षीय वर्षीय अशोक कुमार और उनकी पत्नी 32 वर्षीय रेनू,15 वर्षीय बेटा सनी,12 वर्षीय रवि व 8 वर्षीय किशन 8 के साथ ही अशोक के भाई विजय की 30 वर्षीय पत्नी गीता,10 वर्षीय बेटी प्रिया और 6 वर्षीय रियांशी समेत आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गये थे।परिवार के मुखिया अशोक की बीती सोलह अप्रैल को मौत हो गयी थी।गंभीर रूप से झुलसे अन्य सभी का केजीएमयू लखनऊ में इलाज चल रहा है।केजीएमयू में मंगलवार रात मृतक अशोक का 8 वर्षीय बेटा किशन व विजय की 6 वर्षीय बेटी रियांशी और 10 वर्षीय प्रिया की भी मौत हो गयी।वहीं अन्य घायलों की हालत नाजुक बतायी जा रही है। इधर तीन बच्चों के मौत की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मचा है।
उप जिलाधिकारी शैलेन्द्र वर्मा ने बताया कि मृतक रियांशी व किशन का मृत्यु प्रमाण पत्र दोपहर मेडिकल कालेज से तहसील प्रशासन को प्राप्त हुआ है।दोनों मृतकों के लिए चार-चार लाख रूपये शासकीय अहेतुक सहायता की संस्तुति आख्या डीएम को फौरन भेजवा दी गयी है। एसडीएम ने बताया कि रिसाव में मृतक अशोक की अहेतुक सहायता के मद में चार लाख रूपये की वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। इसे मृतक आश्रित के खाते में स्थानांतरित कराया जाएगा।