रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया लेखपाल: ‘एक गज हो या पौन बीघा, पांच हजार रुपये लिए बिना काम नहीं करूंगा’
गेझा गांव निवासी महिला ने एंटी करप्शन विभाग में शिकायत की थी। जमीन का दाखिल खारिज कराने के नाम पर लेखपाल रिश्वत मांग रहा था। सोमवार को जैसे ही लेखपाल ने केमिकल लगे नोट पकड़े, टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सदर तहसील में पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते लेखपाल ऋषभ चौहान को एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
ऋषभ एक महिला से रिश्वत मांग रहा और न देने पर काम न करने की धमकी दे रहा था। गेझा गांव निवासी एक महिला ने बताया कि पौना बीघा भूमि का दाखिल खारिज कराने के मामले में वह 29 अक्तूबर को सदर तहसील आई थी। यहां लेखपाल ऋषभ चौहान ने कहा कि चाहे एक गज हो गया पौना बीघा, पांच हजार रुपये लिए बिना काम नहीं करेगा।
उसने एंटी करप्शन टीम से शिकायत कर दी। सोमवार को सदर तहसील में समाधान दिवस चल रहा था। तभी एंटी करप्शन की टीम ने लेखपाल ऋषभ चौहान को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। लेखपाल को देहली गेट थाने में ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ चल रही है। साथ ही रिपोर्ट भी दर्ज करा दी गई।